KCL-2 में देवांक दलाल बरकरार, भाई युवराज को भी भिवानी बुल्स ने 50 हजार में खरीदा; 4 लाख में बिके राठी
कबड्डी चैंपियंस लीग सीजन 2 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी हुई, जिसमें देवांक दलाल को भिवानी बुल्स ने बरकरार रखा और उनके भाई युवराज को भी टीम में शामिल किया।

रोहित राठी। फाइल फोटो
HighLights
देवांक दलाल भिवानी बुल्स में बरकरार, भाई युवराज भी शामिल।
राहुल डागर को गुरुग्राम गुरुज ने एक लाख में खरीदा।
भरत हुड्डा को करनाल किंग्स ने 16.60 लाख में खरीदा।
जागरण संवाददाता, रोहतक। कबड्डी चैंपियंस लीग सीजन 2 के लिए शनिवार को खिलाड़ियों की नीलामी हुई है। सोनीपत और रोहतक में हुए सेंट्रल ट्रायल्स के बाद इस नीलामी में 300 से अधिक खिलाड़ी शामिल हुए हैं।
कबड्डी के मैदान में अपनी पहचान बना चुके देवांक दलाल को कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) के दूसरे सीजन में भिवानी बुल्स ने अपनी टीम में बरकरार रखा है। खास बात यह है कि अब देवांक के साथ उनके सगे भाई युवराज भी इसी फ्रेंचाइजी की ओर से खेलते नजर आएंगे।
भिवानी बुल्स ने युवराज को 50 हजार रुपये में खरीदा है। इससे पहले देवांक प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन में करीब दो करोड़ रुपये की कीमत के साथ बंगाल वारियर्स की टीम में शामिल हुए थे।
वह प्रो कबड्डी लीग में सबसे तेज 500 रेड अंक पूरे करने वाले खिलाड़ियों में भी शामिल रहे हैं। गांव सिंहपुरा खुर्द के रहने वाले देवांक दलाल ने वर्ष 2017 में गांव में कबड्डी खेलना शुरू किया था। वहीं उनके भाई युवराज को भी भिवानी बुल्स ने टीम में जगह दी है।
राहुल डागर को गुरुग्राम गुरूज ने खरीदा
जिले के रैनकपुरा के राहुल डागर को गुरुग्राम गुरूज ने एक लाख रुपये में खरीदा है। इससे पहले वह सोनीपत स्टार्स की ओर से खेल चुके हैं। राहुल ने बताया कि उन्होंने करीब चार साल पहले कबड्डी खेलना शुरू किया था।
वह राजीव गांधी खेल परिसर में अभ्यास करते हैं। उनकी मां मनीषा का सपना है कि बेटा कबड्डी में देश का नाम रोशन करे। वह नवीन गोयत को देखकर उन्हें भी उनके जैसा खिलाड़ी बनने के लिए प्रेरित करती थी। राहुल ने संदीप सांगवान से प्रेरित होकर कबड्डी खेलना शुरू किया।
वह प्रो कबड्डी लीग में तेलुगु टाइटंस की ओर से भी खेल चुके है। इसके साथ ही रोहित नांदल को करनाल किंग्स ने 4.60 लाख रुपये में रिटेन किया। बता दें कि राहुल डागर, रोहित नांदल राजीव गांधी स्टेडियम में कोच दिनेश खरब की देखरेख में अभ्यास करते हैं।
रोहित राठी को पानीपत पैंथर्स ने चार लाख रुपये में खरीदा
किलोई गांव के रेडर भरत हुड्डा को करनाल किंग्स ने 16.60 लाख रुपये में खरीदा, हितेश कादयान को झज्जर जगुआर ने 7.40 लाख रुपये में खरीदा। हितेश पिछले सीजन में भिवानी बुल्स की ओर से खेल चुके हैं, वहीं सौरभ नांदल नांदल को हिसार हीरोज ने आठ लाख रुपये में खरीदा है।
सागर राठी को सोनीपत स्टार्स ने 3.60 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है। रोहित राठी को पानीपत पैंथर्स ने चार लाख रुपये में खरीदा और लाढ़ौत गांव के मन्नू देशवाल को मन्नू को कुरुक्षेत्र नाइट्स ने 55 हजार रुपये में खरीदा।
लाखन माजरा के इशांत राठी को हिसार हीरोज ने 4.10 लाख रुपये में खरीदा, प्रवेश कुमार राठी और अक्षय राठी को दोनों को पानीपत पैंथर्स ने 2.10-2.10 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया।
