सांसद सैनी पर फैसला में देरी कूटनीति का हिस्सा, दबाव में नहीं होगी कार्रवाई : अनिल जैन
हरियाणा भाजपा के प्रभारी डाॅ. अनिल जैन ने कहा है कि सांसद राजकुमार सैनी के इस्तीफे पर फैसले में देरी भाजपा की कूटनीति का हिस्सा है।
जेएनएन, रोहतक। हरियाणा भाजपा के प्रभारी डाॅ. अनिल जैन ने लंबे समय से बागी तेवर दिखा रहे भाजपा सांसद राजकुमार सैनी के पार्टी से इस्तीफे पर रणनीति का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि सांसद सैनी पर फैसले में देरी भाजपा की कूटनीति का हिस्सा है। किसी दबाव या जल्दबाजी में फैसला नहीं लिया जाएगा।
इनेलो की फूट पर किया कटाक्ष, जो अपने परिवार को नहीं संभाल सकते, जनता उनके साथ क्यों जाएगी
डाॅ. अनिल जैन पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और मीडिया कोआर्डिनेटर राजीव जैन भी मौजूद थे। डाॅ. अनिल जैन ने इनेलो में चल रही आपसी फूट के सवाल पर कहा कि भाजपा कभी किसी पार्टी की फूट का फायदा नहीं उठाना जानती, लेकिन इतना जरूर है कि जो नेता अपने घर को नहीं संभाल सकते, जनता उनके पीछे नहीं जाती।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा ने ईमानदार और बेहतर सरकार दी है। प्रदेश की जनता पूर्व की दबंगई वाली सरकारों को भी देख चुकी है, जो जमीनों पर कब्जा करती थी। मुख्यंत्री मनोहर लाल के रूप में जनता को हरियाणा में कर्मठ, ईमानदार और साफ छवि का मुख्यमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर को केएमपी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसी दिन गुरुग्राम के सुल्तानपुर गांव में जनसभा भी होगी। इस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भी ली गई है।
-------
नायडू ने भ्रष्टाचार छिपाने के लिए छोड़ा एनडीए का साथ
आंध्रप्रदेश के लोकसभा प्रभारी डाॅ. अनिल जैन ने आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नायडू अपने भ्रष्टाचार और अलोकप्रियता को देखते हुए एनडीए का साथ छोड़ गए हैं। जो पैकेज उन्हें प्रदेश के विकास के लिए चाहिए था, वो दिया गया। लेकिन, उन्होंने स्पेशल पैकेज का बहाना बनाकर एनडीए का साथ छोड़ा है। विरोधी दलों से उनके मिल जाने से एनडीए व भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।