वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का रोहतक में प्रदर्शन, भूपेंद्र हुड्डा ने चुनाव आयोग से मांगा जवाब
कांग्रेस ने रोहतक सहित हरियाणा के सभी जिलों में वोट चोरी और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन किया।
-1790619511755_m.webp)
वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, हुड्डा बोले- जनादेश की चोरी का जवाब दे आयोग।
HighLights
कांग्रेस ने वोट चोरी और चुनाव आयोग के खिलाफ किया प्रदर्शन।
भूपेंद्र हुड्डा ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
हुड्डा ने मतदान प्रतिशत में बदलाव पर गंभीर सवाल उठाए।
संवाद सहयोगी, सांपला। वोट चोरी और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को रोहतक सहित प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन किया। रोहतक में हुए प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल हुए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके कार्यकाल में लिए गए चुनाव संबंधी निर्णयों की व्यापक समीक्षा की मांग उठाई।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव से जुड़े कई सवाल आयोग के सामने रखे, लेकिन अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
उन्होंने मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में बदलाव का मुद्दा भी उठाया। हुड्डा के अनुसार, पहले मतदान 61.19 प्रतिशत बताया गया, बाद में इसे 65.65 प्रतिशत और फिर 67.9 प्रतिशत किया गया। उन्होंने पूछा कि मतदान प्रतिशत में इतना बदलाव कैसे हुआ।
प्रदर्शन के बाद हुड्डा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के नया बांस, भैंसरू खुर्द, भैंसरू कलां, हसनगढ़ और समचाना गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर स्थानीय मुद्दों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर राय और सुझाव लिए। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने हाथ उठाकर हुड्डा और कांग्रेस के प्रति समर्थन जताया।
इस दौरान पूर्व विधायक आनंद सिंह डांगी, प्रो. वीरेंद्र, जयदीप धनखड़, चक्रवर्ती शर्मा, बलवान रंगा, कुलदीप सिंह नंबरदार, राज बहादुर शर्मा, ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, संजय, राजेश ओहल्यान, हरीश कौशिक सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
