कांग्रेस ने हमेशा दिया परिवारवाद को बढ़ावा : ग्रोवर
जागरण संवाददाता रोहतक सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही परिवार
जागरण संवाददाता, रोहतक : सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही परिवारवाद को बढ़ावा दिया है। प्रदेश के लोगों को पता है कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है और इसे जनता से कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के दस साल के शासनकाल के दौरान हुड्डा परिवार ने प्रदेश का जमकर लूटा और भाई भतीजावाद को बढ़ावा दिया। मंत्री ग्रोवर शुक्रवार को महम विधानसभा क्षेत्र के गांवों में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सात अप्रैल को विजय संकल्प रैली का निमंत्रण भी ग्रामीणों को दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए गए घोटालों की गिनती की जाए तो एक रिकार्ड कायम हो जाएगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि अब कांग्रेस अपने अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रही है, लेकिन देश व प्रदेश की जनता कांग्रेस को सबक सिखाएंगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विश्वास न रखने वालों का आज क्या हाल है, यह प्रदेश की जनता ने देख लिया है। उन्होंने कहा कि इनेलो व जजपा नेताओं को भी अपनी असलियत का पता चल गया। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कोई जनाधार नहीं है। उन्होंने सबको पता है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने हमेशा झूठ की राजनीति की। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता शमशेर खरकड़ा, जिलाध्यक्ष अजय बंसल, मीडिया प्रभारी शमशेर खरक प्रमुख रूप से मौजूद रहे।