जेएलएन पर मरम्मत का कार्य पूरा, आज दोपहर के बाद शुरू होगी पेयजल आपूर्ति
जागरण संवाददाता रोहतक जेएलएन नहर पर बृहस्पतिवार को मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया ह
जागरण संवाददाता, रोहतक : जेएलएन नहर पर बृहस्पतिवार को मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। बुधवार को काहनी के निकट नहर टूट गई थी। अब शुक्रवार को दोपहर के बाद से नहरी पानी की आपूर्ति शुरू होगी। हालांकि पानी की आपूर्ति डिमांड के हिसाब से ही होगी। दूसरी ओर, कुछ किसानों ने नुकसान का दावा करते हुए मुआवजे की मांग की है। वहीं, सिचाई विभाग ने नुकसान न होने का दावा किया है। यह भी कहा है कि जब नुकसान नहीं हुआ तो मुआवजा किस आधार पर दिया जाए।
यहां बता दें कि बुधवार को सुबह जेएलएन नहर टूट गई थी। खाली खेतों में भी जलभराव हो गया था। किसानों ने दावा किया है कि कुछ खेतों में फसलें कटी हुई पड़ी थीं। कई किसानों ने सिचाई विभाग से गुहार लगाई कि गेहूं के फाने खेतों में पड़े हुए थे। कुछ किसानों ने अन्य प्रकार की फसलों की बुवाई का दावा करते हुए कहा कि इस प्रकरण में उच्चाधिकारी से भी गुहार लगाएंगे। जो भी नुकसान हुआ है, उसका पूरा मुआवजा मिलना चाहिए। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि खाली पड़े खेतों में जलभराव से कोई नुकसान नहीं हुआ है। खाली पड़े खेतों की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। किसी भी किसान की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं मिलने का भी दावा किया गया है। आज खुबड़ू हेड से छोड़ा जाएगा पानी
सिचाई विभाग के एक्सईएन अरुण मुंजाल कहते हैं कि जेएलएन में 3200 से 3400 क्यूसेक तक पानी की क्षमता है। जबकि भालौठ में 1300-1400 क्यूसेक पानी की आपूर्ति होती है। शुक्रवार को दोपहर के बाद जेएलएन नहर में खुबड़ू हेड (गन्नौर-सोनीपत) से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। हालांकि जनस्वास्थ्य विभाग से पूछा गया है कि कितना पानी छोड़ा जाए। शुक्रवार तक पूरे ढाई दिनों तक होने वाली कटौती की भरपाई के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ने का भी दावा किया गया है। यहां बता दें कि पिछली बार तीन मई को पानी की आपूर्ति हुई थी, जबकि रोस्टर के हिसाब से 30 अप्रैल को ही पानी की आपूर्ति होनी थी। कटौती की भरपाई भी होगी। भालौठ नहर से जलघरों के लिए पेयजल आपूर्ति
यहां बता दें कि भालौठ नहर से पानी की आपूर्ति शुरू करा दी गई। इस कारण कोई दिक्कत नहीं हुई। जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन भानु प्रकाश ने बताया है कि भालौठ नहर से जलघरों तक पानी पहुंचने लगा है। इसलिए अभी तक पानी की आपूर्ति को लेकर कोई परेशानी नहीं है। शहरी जनता को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है। विभागीय अधिकारियों ने यह भी कह दिया है कि पेयजल आपूर्ति में कोई कटौती नहीं होगी। भालौठ नहर से वैकल्पिक तौर से पेयजल आपूर्ति हो रही है। जेएलएन नहर पर मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। फिर भी हम शुक्रवार सुबह तक देखेंगे कि कहीं दूसरे स्थानों पर मरम्मत की जरूरत है तो काम करा देंगे। दोपहर के बाद जरूरत के हिसाब से पानी की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। मुआवजा नुकसान के बाद ही दिया जाता है, लेकिन किसी भी किसान का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
अरुण मुंजाल, एक्सईएन, जेएलएन नहर
--
शहरी क्षेत्र में हमने पानी की कोई कटौती नहीं की है। क्योंकि जेएलएन नहर से पानी की आपूर्ति बंद हो गई तो भालौठ नहर से जलघरों के लिए आपूर्ति शुरू हो गई। हमने सिचाई विभाग से यही डिमांड की है कि जो भी पानी की कटौती की गई है, उतने ही दिन अतिरिक्त पानी मिलना चाहिए।
भानु प्रकाश, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग