जीत के अंतर को लेकर करनाल और रोहतक में मुकाबला : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार रात को रोहतक में भाजपा प्रत्याश
जागरण संवाददाता, रोहतक :
मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार रात को रोहतक में भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस बार जीत के अंतर को लेकर करनाल और रोहतक में मुकाबला है। अब देखना है कि बाजी करनाल की जनता मारती है या रोहतक के कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाती है। उन्होंने कांग्रेस और इनेलो और जजपा पर भी हमला बोला। कहा, एक बाप-बेटा भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद हैं और दूसरे बाप-बेटा जेल में जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने रोहतक के लोगों को 21 अक्टूबर को कमल का बटन दबाने का आह्वान किया। सीएम मनोहर लाल ने नौ बजकर 50 मिनट और 50 सेकेंड पर अपना संबोधित खत्म किया। इसके बाद चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार रात दस बजे के बाद माइक से प्रचार बंद हो गया था।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि जेल की सजा भुगत रहे पूर्व मुख्यमंत्री ओपी चौटाला व उनके पुत्र अजय चौटाला के अलावा पूर्व सीएम भूपेन्द्र हुड्डा की ओर था। सीएम ने कहा कहा कि भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के चलते हुड्डा सीबीआई अदालत के चक्कर काट रहे हैं। आज भी उनकी पेशी थी, लेकिन उन्होंने चुनाव का हवाला देते हुए अगले माह की तारीख अदालत से निश्चित करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा कहते रहे हैं कि उनकी बगैर पर्ची-खर्ची की सरकार है।
मनीष को विधायक बना दो, अगला काम मेरा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मनीष ग्रोवर को बड़े अंतर से जीत कर विधानसभा में भेज दें, इसके बाद का मेरा रहेगा। उनका इशारा सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिलने से था। उन्होंने कहा कि पहले कोई राजनीति में आना पसंद नहीं करते थे। नेताओं पर भ्रष्टाचार, झूठा व तरह-तरह के आरोप लगाए जाते थे। लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति के मायने बदल दिए। उन्होंने साबित कर दिया था कि नेताओं का ऐसा शुद्ध चरित्र भी हो सकता है।
यह रहे मौजूद
अलवर से सांसद महंत बालकनाथ योगी, रोहतक से सांसद डा. अरविद शर्मा, सहकारिता राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी मनीष ग्रोवर, मेयर मनमोहन गोयल, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए युवा नेता सत्यवान दहिया, युवा नेता लवलीन टुटेजा मौजूद रहे।