रोहतक से आज उत्तर प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए चलेंगी बसें, दिल्ली के लिए नहीं मिली अनुमति
कोरोना महामारी के चलते किए गए लॉकडाउन के बाद बुधवार से पहली बार चार और राज्यों के लिए बस सेवा संचालित की जाएगी।
जागरण संवाददाता, रोहतक : कोरोना महामारी के चलते किए गए लॉकडाउन के बाद बुधवार से पहली बार चार और राज्यों के लिए बस सेवा संचालित की जाएगी। हालांकि दिल्ली के लिए बस सेवा संचालित न होने के कारण यात्रियों को मायूसी हाथ लगी है। अब बुधवार से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड व चंडीगढ़ के लिए बसें संचालित की जाएंगी।
कोरोना महामारी के कारण करीब छह माह से अन्य राज्यों के लिए बस सेवा संचालित नहीं की जा रहीं हैं। जिसके कारण हजारों यात्रियों को गंतव्य तक जाने के लिए प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था। अब सरकार ने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, आगरा, वृंदावन, उत्तराखंड के हरिद्वार, राजस्थान के बालाजी और कोटा व चंडीगढ़ के लिए बसों का संचालन किया जाएगा। रोडवेज जीएम गुलाब सिंह दुहन के मुताबिक चंडीगढ़ के लिए प्रतिदिन सुबह चार बजे, सुबह 4.40 बजे, सुबह 5.40 बजे, सुबह 5.50 बजे, सुबह 7.10 बजे, सुबह 8.40 बजे, सुबह 9.20 बजे, सुबह 9.50 बजे, सुबह 10.50 बजे, दोपहर 12 बजे बसें संचालित की जाएगी। जबकि हरिद्वार के लिए प्रतिदिन सुबह 4.50 बजे, यूपी के मुरादाबाद के लिए सुबह सात बजे, आगरा के वाया गुरुग्राम सुबह 4.30 बजे, वृंदावन के लिए सुबह 6.50 बजे और राजस्थान के बालाजी के लिए सुबह 11.15 बजे और कोटा के लिए सुबह 8.40 बजे बसों का संचालन किया जाएगा।