रोहतक में युवक का शव मिलने से हड़कंप, नशे की वजह से मौत की आशंका
महम में जलभरत तालाब के पास एक खाली प्लॉट में युवक अजीत का शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

महम में युवक का शव मिलने से सनसनी, नशे की वजह से मौत की आशंका।
HighLights
महम में खाली प्लॉट में मिला युवक का शव
मृतक की पहचान बडेसरा निवासी अजीत के रूप में हुई
पुलिस को नशे के कारण मौत होने की आशंका
संवाद सहयोगी, महम। महम में सोमवार को जलभरत तालाब के पास एक खाली प्लॉट में खरपतवार के बीच युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
पुलिस ने शव का फोटो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके कुछ समय बाद उसकी पहचान बडेसरा गांव निवासी अजीत के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि अजीत महम में कार मैकेनिक का काम करता था और शराब का आदी था।
परिजनों व स्थानीय लोगों के अनुसार वह पिछले करीब दस दिनों से दुकान पर नहीं जा रहा था। सोमवार को उसका शव जलभरत तालाब के बाईं ओर स्थित खाली प्लॉट में मिला। सूचना मिलने के बाद रात करीब पौने आठ बजे एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
प्राथमिक जांच में युवक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले। पुलिस को प्रथम दृष्टया मौत नशे के कारण होने की आशंका है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइ रोहतक भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
