पूर्ण बहुमत से भाजपा फिर बनाएगी सरकार : बराला
हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भाजपा पूर्ण बहुमत प्राप्त कर फिर सरकार बनाएगी।
जेएनएन, रोहतक। भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला ने कहा कि अगले लाेकसभा और विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी। 2019 चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। भाजपा पूर्ण बहुमत से फिर सरकार बनाएगी और नरेंद्र मोदी फिर से प्रधानमंत्री होंगे।
इनेलो नेता अभय चौटाला के बयान की निंदा, बोले-जनता सिखाएगी सबक
बराला ने कहा कि भाजपा ने आम लोगों के हित में शानदार काम किया है और जनता को उसके काम से काफी खुश है। आजदी के बाद से किसी सरकार ने उतना काम नहीं किया जितना भाजपा की सरकारों ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब अपनी राजनीति चमकाने के लिए बिजली-पानी जैसे मुद्दों पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
बराला ने कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ पर इनेलो नेता अभय चौटाला की टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की। बराला ने इसके लिए अभय चौटाला पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हताश हो चुके नेता ही इस तरह के बयान देते हैं। जनता अपने आप ही उन्हें सबक सिखा देगी।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अनाप-शनाप बयान देकर सुर्खियों में रहना चाहते है। दिल्ली में भाजपा नेता के ईद कार्यक्रम में पूर्व सीएम हुड्डा के शिरकत करने को लेकर बराला ने कहा कि अगर इसका कोई राजनीतिक मायने हैं तो वह हुड्डा ही बता सकते है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि ऐसा कुछ होगा।
बराला ने राज्य की मनोहरलाल सरकार और केंद्र सरकार की नीतियों की जमकर तारीफ की। उन्हांने कहा कहा कि पहली बार ऐसी सरकार बनी है, जोकि सभी का विकास बिना भेदभाव के करा रही हैं। भाजपा की सरकार ने देश और प्रदेश को भेदभाव मुक्त विकास की राह दिखाई है।