हरियाणा दिवस पर रोहतक में BJP की पदयात्रा, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और CM नायब सैनी होंगे शामिल
भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा अब 1 नवंबर को हरियाणा दिवस पर रोहतक में होगी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष ...और पढ़ें

हरियाणा दिवस पर रोहतक पदयात्रा में शामिल होंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन: डॉ. अर्चना गुप्ता।
HighLights
रोहतक पदयात्रा अब 1 नवंबर को हरियाणा दिवस पर
नितिन नबीन, नायब सैनी, डॉ. अर्चना गुप्ता होंगे शामिल
अमित शाह करनाल और अंबाला में भी करेंगे कार्यक्रम
जागरण संवाददाता, रोहतक। भाजपा के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत रोहतक लोकसभा क्षेत्र में 31 अक्टूबर को प्रस्तावित पदयात्रा अब 1 नवंबर को हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित की जाएगी। पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी पदयात्रा में भाग लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन सक्रिय हो गया है।
बुधवार शाम भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने रोहतक स्थित भाजपा जिला कार्यालय मंगल-कमल में पार्टी पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली और पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने पदाधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारियां निभाने और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के माध्यम से जनता के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक जवाबदेही और जनहित के विषयों को प्रभावी ढंग से रखा जा रहा है। रोहतक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की उपस्थिति कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगी। हरियाणा दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली यह पदयात्रा संगठन की एकजुटता और जनसंपर्क को और मजबूत करेगी।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कहा कि भाजपा के इस अभियान के तहत प्रदेश के अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भी पदयात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। 1 नवंबर को फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की पदयात्रा में पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शामिल होंगे।
वहीं, 5 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करनाल में आयोजित पदयात्रा में भाग लेंगे। इसी दिन अमित शाह अंबाला छावनी में शहीदी स्मारक का लोकार्पण भी करेंगे। इसके बाद वे गांधी मैदान, अंबाला छावनी में जनसभा को संबोधित करेंगे। शहीदी स्मारक का लोकार्पण 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के उन वीरों के योगदान को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा, जिनका बलिदान देश के इतिहास में विशेष स्थान रखता है।
