यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आरक्षण के लिए रूठे जाटों की नाराजगी दूर करेंगे अमित शाह
अमित शाह जाट आरक्षण को लेकर आंदोलित जाटों की नाराजगी दूर करने का प्रयास करेंगे। हरियाणा प्रवास के दौरान यशपाल मलिक शाह से मुलाकात करेंगे।

जेएनएन, रोहतक। तीन दिन के हरियाणा प्रवास पर रोहतक पर आ रहे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की वैसे तो कई बैठकें होंगी, लेकिन विरोधियों की निगाहें सबसे ज्यादा जाट नेताओं के साथ होने वाली बैठक पर टिकी रहेगी। हालांकि अभी तक इस बैठक की कोई दिन और समय तय नहीं हुआ है।
सूत्रों के अनुसार इस मुलाकात में शाह की कोशिश रहेगी कि आरक्षण की वजह से जो जाट नेता उनसे नाराज हुए थे, वह उसे दूर करें। इस बैठक के बारे में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने पुष्टि करते हुए बताया कि वह समिति के अन्य पदाधिकारियों के साथ अमित शाह से मिलेंगे। इस संबंध में हमारी कुछ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत हो चुकी है।
गौरतलब है कि यशपाल मलिक के नेतृत्व में जाटों ने भाजपा सरकार के समय में तीन बार आरक्षण के लिए आंदोलन किए। फरवरी 2016 में किया गया आंदोलन तो ङ्क्षहसक हो गया था। हालांकि बाद में जब मामला शांत हुआ तो प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक में पहुंचकर सभी गैर जाट और जाटों को आश्वासन दिया था कि जिनका नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी।
विपक्षी खेमे में जाट मीङ्क्षटग को लेकर हड़कंप
दरअसल, हाल ही में अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने दिल्ली बाईपास पर एक प्रेसवार्ता में कहा था कि भाजपा ने उनके कुछ वादे तो पूरे कर दिए। इसलिए अब वह भाजपा से नाराज नहीं है। कुछ वादे उनके रह रहे हैं, जिन्हें पूरा कराने के लिए वह अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस मीटिंग को लेकर विरोधी खेमे में हड़कंप की स्थिति है।
