महिला की हत्या कर शव फंदे पर लटकाया, सिर पर मिले चोट के निशान
संवाद सहयोगी कलानौर क्षेत्र के बसाना गांव की महिला की हत्या कर शव घर से करीब दो किलो
संवाद सहयोगी, कलानौर : क्षेत्र के बसाना गांव की महिला की हत्या कर शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर खेत में फंदे पर लटका दिया गया। देर शाम परिजनों के वारदात का पता चला, जिसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। मृतका के सिर पर चोट का भी गहरा निशान मिला है। परिजनों ने गांव के एक युवक पर हत्याकांड को अंजाम देने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बसाना गांव निवासी 29 वर्षीय रीना पत्नी सतीश मंगलवार सुबह करीब दस बजे घर से गई थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजन तभी से उसकी तलाश में जुटे हुए थे। देर शाम परिजनों को पता चला कि गांव से करीब दो किलोमीटर दूर खेतों में सफेदे के पेड़ पर रीना का शव चुन्नी से लटका हुआ है। परिजन और कलानौर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि महिला के सिर में किसी नुकीले हथियार से वार किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि पहले महिला को चोट मारी गई, जिसके बाद उसे उसकी चुन्नी से ही सफेदे के पेड़ पर फांसी पर लटका दिया गया। मृतका के पति ने गांव के एक युवक पर हत्या की आशंका जताई है। आरोप है कि उक्त युवक महिला से बातचीत करता था। आशंका है कि उसी ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। देर शाम तक परिजनों की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं दी गई थी। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही थी। खेत पर मजदूरी के लिए गया था रीना का पति
रीना के पति सतीश ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। सुबह करीब आठ बजे वह खेतों पर स्प्रे करने के लिए गया था। जब वह दोपहर में वापस लौटा तो बच्चों ने बताया कि उनकी मां घर पर नहीं है। वह तभी से तलाश कर रहा था। रीना की मौत के बाद उसके तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह उठ रहे सवाल
महिला की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों के अनुसार, वह सुबह घर से गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी, जबकि महिला का शव देर शाम फंदे पर लटका मिला। ऐसे में सवाल यह है कि यदि रीना को आत्महत्या ही करनी होती तो वह दिन में भी कर सकती थी। अंधेरा होने के बाद ही आत्महत्या क्यों की गई। दूसरा सवाल यह है कि कहीं हत्यारे ने दिन में ही उसकी हत्या कर दी हो और फिर उसे आत्महत्या दर्शाने के लिए फंदे पर लटका दिया। इसके लिए अंधेरा होने का इंतजार किया गया। तीसरा सवाल यह है कि जिस समय पुलिस ने शव को नीचे उतारा सिर में लगी चोट से निकला खून सूख चुका था। यानि कि चोट को लगे कई घंटे हो चुके थे। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों पर गहनता से जांच कर रही है। वर्जन
महिला का शव फंदे पर लटका हुआ है, जिसके सिर पर चोट का निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। फिलहाल जांच जारी है।
- श्रीभगवान, थाना प्रभारी कलानौर