रोहतक में त्योहारों पर चल रहा था मिलावटखोरी का खेल, 80 किलो नकली मावा जब्त; दुकान सील
रोहतक में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है। कच्चा बेरी रोड पर छापेमारी के ...और पढ़ें
-1792491401187_m.webp)
रोहतक में त्योहारों पर मिलावट का खेल उजागर।
HighLights
रोहतक में 80 किलो नकली मावा जब्त, नष्ट किया गया
खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक दुकान को सील किया
त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई जारी
जागरण संवाददाता, रोहतक। त्योहारों पर मिठाई और दूध से बने खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को रोहतक के कच्चा बेरी रोड स्थित मिठाई की दुकानों पर छापामारी के दौरान टीम ने 80 किलो नकली मावा बरामद किया।
विभाग ने इसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया, जबकि जांच अभियान के दौरान एक दुकान को सील भी किया गया। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लेकर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे हैं। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी लक्ष्मी नरवाल ने बताया कि टीम को एक गोदाम में रखे फ्रिज से मावा मिला था।
जांच में इसे खराब पाए जाने पर नष्ट करवा दिया गया। इसके अलावा दूध और पनीर के नमूने भी लिए गए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मिठाइयों से लेकर इस्तेमाल किए तेल तक की जांच
विभाग ने सोमवार को भी विशेष अभियान चलाया था। इस दौरान कुकी, ब्राउनी, काजू कतली, खोवा बर्फी, गुलाब जामुन, काजू, छुआरे, इस्तेमाल किए गए तेल, डोडा बर्फी और चमचम के नमूने लिए गए। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी लक्ष्मी नरवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान जारी रहेगा। जिन दुकानदारों के पास जरूरी दस्तावेज नहीं मिले, उन्हें इन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग की टीम मिठाई और केक की दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव और निर्माण प्रक्रिया की भी जांच कर रही है।
