बुजुर्ग को गोली मारने का आरोपित गिरफ्तार, पिछले माह अंबाला से हुआ था फरार
फलों की रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति को गोली मारने के मुख्य आरोपित को सीआइए-1 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पिछले माह अंबाला पुलिस की हिरासत से फरार हुआ था। उस पर कई मामले दर्ज हैं।
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की नई सब्जी मंडी में फलों की रेहड़ी लगाने वाले व्यक्ति को गोली मारने के मुख्य आरोपित को सीआइए-1 की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पिछले माह अंबाला पुलिस की हिरासत से फरार हुआ था। उस पर कई मामले दर्ज हैं।
सीआइए-1 प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि 26 अगस्त को कृष्णा कालोनी निवासी दर्शनलाल को नई सब्जी में गोली मार दी गई थी। इसमें दर्शनलाल घायल हो गया था। शिवाजी कालोनी थाने में दर्ज मामले की जांच बाद में सीआइए को सौंप दी गई। जांच के बाद इस मामले में आरोपित सन्नी उर्फ बाबा, बलवंत रॉय, अक्षय उर्फ तुषार और पम्मी को गिरफ्तार किया गया था।
मामले का मुख्य आरोपित कच्चा बेरी रोड निवासी लक्की फरार चल रहा था। एएसआइ सुशील कुमार और एएसआइ रविद्र की टीम ने मुख्य आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि दर्शनलाल के परिवार के साथ आरोपित के परिवार का झगड़ा चल रहा है। इस वजह से वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपित लक्की का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, अपहरण और लूट आदि के करीब 20 मामले दर्ज हैं। पिछले माह आरोपित अंबाला में एक हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ था जिसके बाद वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया था।
आरोपित के खिलाफ पंचकुला में हत्या और दिल्ली के कंझावला में भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। इनमें वह फरार चल रहा था। वह पंचकुला और दिल्ली पुलिस की वांछित अपराधियों की सूची में भी शामिल है। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।