पुलिस गिरफ्तार करने घर पहुंची तो आरोपित उठाया लिया ऐसा कदम की मच गया हंगामा
पुलिस की टीम हरियाणा के महम क्षेत्र में एक आरोपित को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची। पुलिस टीम बाहर बैठी रही।
महम (रोहतक), जेएनएन। क्षेत्र के खरकड़ा गांव में जान से मारने की धमकी देने के एक आरोपित को पकड़ने आई सोनीपत पुलिस की टीम खुद घेरे में आ गई। पुलिस टीम घर के बाहर बैठी रही और आरोपित ने अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपित एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में जमानत पर आया हुआ था। आरोपित के परिजनों का आरोप है कि महिला और उसके पति के अलावा तीन पुलिसकर्मी उसे ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये मांग रहे थे। महम थाने में पांचों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कलानौर की महिला ने पहले छेडख़ानी का और अब कराया था जान से मारने की धमकी देने का केस
खरकड़ा गांव निवासी अनिल (32) कुछ साल पहले कलानौर में केबल का काम करता था। करीब एक साल पहले कलानौर की एक महिला ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था। उसमें अनिल जमानत पर आया हुआ था। इसी महिला ने हाल ही में सोनीपत सिटी थाने में जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज करवा दिया।
मंगलवार तड़के करीब पांच बजे सोनीपत पुलिस के तीन पुलिसकर्मी अनिल को पकडऩे के लिए उसके घर पर पहुंचे, लेकिन अनिल ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर पुलिसकर्मी घर के बाहर ही बैठ गए। करीब छह बजे पुलिसकर्मियों ने अंदर झांका तो अनिल ने पंखे से लटककर फांसी लगा रखी थी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और अनिल को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
युवक की मां ने लगाया आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपित की मां जगवंती का आरोप है कि कलानौर निवासी महिला ने छेडख़ानी का झूठा आरोप लगाकर अनिल के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। बाद में समझौते के नाम पर करीब एक लाख रुपये भी ले लिए थे। इसके बाद महिला रोहतक और फिर सोनीपत में रहने लगी।
इसके बाद सोनीपत के सिटी थाने में जान से मारने की धमकी देने का दूसरा मामला दर्ज करा दिया। जगवंती का आरोप है कि अब अनिल पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह पांच लाख रुपये दे, अन्यथा उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करा दिया जाएगा। महिला के साथ-साथ उसका पति और तीन पुलिसकर्मी भी उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर ही अनिल ने यह कदम उठाया है। बता दें कि अनिल की पत्नी ने भी कुछ साल पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
----------
'' अनिल जमानत पर आया हुआ था, जिसे पकड़ने के लिए सोनीपत पुलिस आई थी। अनिल की मां की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।
- सज्जन कुमार, डीएसपी, महम।