आप ने कहा- भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल, 19 अगस्त को विधानसभा घेरेंगे
आम आदमी पार्टी ने कहा है कि राज्य की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और राज्य की स्िथति बदतर हो गई है। इसके विरोध में पार्टी 19 अगस्त को विधानसभा का घेराव करेगी।
रोहतक, [वेब डेस्क]। आम आदमी पार्टी ने 19 अगस्त को हरियाणा विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है। पार्टी की यहां आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला किया गया। इसमें कहा गया कि हरियाणा की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और प्रदेश की हालत बदतर हो गई है।
बैठक की अध्यक्षता आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयोजक नवीन जयहिंद ने की। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में जहां कानून-व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। किसान सबसे अधिक दुखी हैं। हरियाणा सरकार प्रदेश के किसानों पर जानबूझ कर फसल बीमा योजना थोप रही है। इस योजना को लागू कर प्रदेश सरकार कई बड़े औद्योगिक घरानों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।
नवीन जयहिंद ने कहा कि राज्य में शिक्षा का स्तर जहां लगातार नीचे जा रहा है। बेरोजगार युवा सरकार के मजाक का शिकार हो रहे हैं। लाखों बेरोजगार युवाओं को आजतक बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया गया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के दावों को निराधार करार देते हुए जयहिंद ने कहा कि हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से चरमरा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इन सभी मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू किया गया है। इसके तहत 19 अगस्त को चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा की तरफ कूच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज उठाने वाले विपक्षी दल आज सरकार के हाथों में खेल रहे हैं और हरियाणा वासी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने 19 अगस्त को आप के सभी कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि इस प्रदर्शन के माध्यम से सरकार को प्रदेश वासियों की वास्तविक समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।
इसी दौरान, नवीन जयहिंद ने बताया कि पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त बनाने के उद्देश्य से 12 अगस्त से 14 अगस्त तक कुरूक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में आम के सभी जिला व मंडल स्तरीय नेताओं के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।