रोहतक में प्रेम विवाह करने वाले युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, पत्नी बोली- जहर देकर मार डाला
रोहतक के सैनीपुरा में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, लेकिन उसकी पत्नी ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
-1790014785124_m.webp)
रोहतक में प्रेम विवाह करने वाले युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या। फोटो जागरण
HighLights
रोहतक के सैनीपुरा में युवक विशाल सैनी ने फंदा लगाया।
पत्नी रूबी ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
जागरण संवाददाता, रोहतक। पुरानी सब्जी मंडी थाना क्षेत्र के सैनीपुरा में एक युवक ने फंदा लगा लिया। इसके बाद स्वजन उसे सिविल अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर युवक की पत्नी अस्पताल पहुंची और उसने अपने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया।
हालांकि, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है और मृतक की मां के बयान के आधार पर मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान सैनीपुरा निवासी 27 वर्षीय विशाल सैनी के रूप में हुई है। उनकी पत्नी रूबी सैनी ने बताया कि उसने करीब चार साल पहले उन्होंने विशाल से लव मैरिज की थी।
शादी के बाद दोनों का कोई बच्चा नहीं है। ऐसे में उनकी शादी से उनकी सास खुश नहीं थी। तीन महीने पहले वह अपने घर गई थी। जिसके बाद ससुराल वालों ने उन पर चोरी का आरोप लगा दिया था। हालांकि, विशाल के कहने पर केस को वापस ले लिया गया था। ऐसे में वह विशाल के साथ जाकर फरीदाबाद में रहने लगी थी। दोनों वहां पर नौकरी कर रहे थे।
मां-बहन के साथ पहुंची अस्पताल
इसी बीच शनिवार को उसकी सास को फोन आया और विशाल को रोहतक में बुला लिया। इसके बाद रविवार की देर रात सूचना मिली कि विशाल ने फंदा लगा लिया है। जिसके बाद वह अपनी मां और बहनों के साथ सिविल अस्पताल में पहुंची।
जहां उन्होंने अपने सुसराल वालों पर विशाल की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ससुराल वालों ने जहर देकर विशाल की हत्या की है। उसके फोन से सारा डाटा भी डिलीट मिला है। हालांकि, पुलिस ने विशाल की मां के बयानों के आधार पर और जांच के बाद मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की है और शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है।
20 दिन पहले रूबी के पिता की भी हुई थी मौत
रूबी सैनी ने बताया कि 20 दिन पहले ही उनके पिता की हार्टअटैक से मौत हो गई थी और अब उनके पति की मौत हो गई है। ऐसे में परिवार को गहरा सदमा लगा है। उन्होंने कहा कि विशाल की मां और मामा लगातार तलाक देने का दबाव बना रहे थे। इसी वजह से उन्हें घर से भी निकाल दिया था। वह चाहते थे कि हम दोनों अलग हो जाए और तलाक ले।
प्राथमिक जांच में मामला फंदा लगाकर आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया है और मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।
- परमजीत, थाना प्रभारी, ओल्ड सब्जी मंडी।
