विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएचडी और ज्यूडिशियरी की तैयारी कर रहे चरखी दादरी के युवक की हादसे में मौत, टूट गया जज बनने का सपना

Published: Sat, 03 Oct 2026 01:14 AM (IST)

रोहतक में ठेकेदार की लापरवाही से हुए सड़क हादसे में पीएचडी और ज्यूडिशियरी की तैयारी कर रहे चरखी दादरी के अतुल कुमार की मौत हो गई।

युवक की हादसे में मौत। फाइल फोटो

युवक की हादसे में मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. रोहतक में सड़क हादसे में पीएचडी छात्र अतुल कुमार की मौत।

  2. ठेकेदार की लापरवाही से निर्माण स्थल पर हुआ यह हादसा।

  3. जज बनने का सपना अधूरा रह गया, परिवार ने शिकायत की।

जागरण संवाददाता, रोहतक। पीजीआइएमएस थाना क्षेत्र में ठेकेदार की लापरवाही से एक पीएचडी और ज्यूडिशियरी की तैयारी कर रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई। पहचान चरखी दादरी जिले के काकड़ौली हट्टी निवासी 26 वर्षीय अतुल कुमार के रूप में हुई है। देर रात उनकी बाइक निर्माण कार्य में लगी एक ट्राली से टकरा गई।

दरअसल, गांव काकड़ौली हट्टी निवासी हेमंत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका छोटा भाई अतुल कुमार रोहतक की एमडीयू यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई पूरी कर चुका था। इसके बाद पीएचडी और ज्यूडिशियरी की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार सुबह एक फोन काल के जरिये उन्हें अतुल कुमार की एक हादसे में मौत की सूचना मिली।

उन्हें पता चला कि अतुल एमडीयू गेट नंबर दो की तरफ से अपनी बुलेट बाइक पर मेडिकल मोड़ की तरफ जा रहा था। जाट हास्टल के गेट के सामने जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्राली से काम किया जा रहा था। इन वाहनों के पीछे और आस-पास किसी भी तरीके का कोई साइन बोर्ड और रिफ्लेक्टर समेत अन्य कोई सूचना पट्ट नहीं लगा रखा था, जिसके चलते बाइक पीछे से ट्राली में जा टकराई। उन्होंने पुलिस से आरोपित ठेकेदार और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े दोस्तों ने बताया कि अतुल कुमार एमडीयू के होस्टल में रहकर ही ज्यूडिशियरी की तैयारी कर रहा था। हाल ही में उसने जज के लिए एक परीक्षा भी दी थी। देर रात उन्हें सूचना मिली कि उसका एक्सीडेंट हो गया है।

जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। ऐसे में उसका जज बनने का सपना अधूरा ही रह गया है। वह रोहतक कोर्ट में एक वकील के पास प्रैक्टिस भी कर रहा था। वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हादसा रात करीब दो बजे हुआ है। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। फिलहाल, अतुल के भाई की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।