फरवरी में हुई 66 जघन्य वारदातें, बिना मास्क वालों के काटे 266 चालान
जिला पुलिस ने फरवरी माह में अपनी उपलब्धियों का ब्योरा दिया है। जिसमें 66 जघन्य वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है वहीं 140 आरोपितों को गिरफ्तार किया जो विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे।
जागरण संवाददाता, रोहतक : जिला पुलिस ने फरवरी माह में अपनी उपलब्धियों का ब्योरा दिया है। जिसमें 66 जघन्य वारदातों का खुलासा करने का दावा किया है, वहीं 140 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जो विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। उधर, कोरोना संक्रमण के बचाव को लेकर भी पुलिस ने सख्ताई दिखाई है। 266 ऐसे लोगों के चालान भी किए, जो सार्वजनिक स्थलों पर बिना मास्क के घूम रहे थे। आरोपितों से एक लाख 33 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती जाट कालेज का अखाड़ा गोलीकांड था, जिसमें छह लोगों की हत्या एक कोच ने ही कर दी थी। इसके अलावा मुंगाण में संदीप हत्याकांड, बलियाना में विकास उर्फ विक्की पंडित हत्याकांड, धामड़ में अज्ञात युवती का शव, राजेंद्रा नगर में मां-बेटी, लाढौत में सुनील हत्याकांड ने पुलिस के पसीने छुड़ाने का काम किया। लेकिन इन वारदातों को अंजाम देने के आरोपितों को जल्दी गिरफ्तार कर पुलिस ने कामयाबी हासिल की।
हत्या के प्रयास की 11 वारदातों को हल करते हुए 31 आरोपितों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।
फरवरी माह में हुए जघन्य अपराध:
- मुगांण गांव निवासी संदीप के मर्डर केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मतृक की पत्नी मूर्ति ने अपनी बहन व साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
- जाट कॉलेज के जिम्नेजियम हॉल मे हुई छह हत्याओं के मामले में 24 घंटे में हल निकालते हुए एक लाख रुपए का ईनामी आरोपित कोच सुखविन्द्र को गिरफ्तार किया है।
- ससुराल पक्ष द्वारा दामाद को आग से जलाकर की गई हत्या की वारदात को हल करते हुए आरोपी बबलू उर्फ अमित व राजू उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार किया है।
- बलियाना गांव में विकास उर्फ विक्की पंडित हत्याकांड के आरोपित अति वांछित 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश रवि उर्फ सोनू सहित आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया।
- नया बस अडडा के पास हुई रवि निवासी गांव बोहर की हत्या की वारदात मे शामिल आठ आरोपियो को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
- गांव धामड़ में नहर के पास मिला अज्ञात युवती के ब्लाइंड मर्डर को सुलझते हुए आरोपित कोच भगत निवासी गांव माहरा को हरिद्वार से गिरफ्तार किया।
- राजेन्द्रा कालोनी मे हुई मां-बेटी के दोहर हत्याकांड की वारदात में आरोपित पति संदीप को 24 घंटे में गिरफ्तार किया।
- सुनील निवासी गांव लाढोत की हत्या की वारदात को हल करते हुए वारदात मे शामिल सभी पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
- निदाना गांव के खेतों में मकान पर पांच युवकों पर अंधाधुंध फायरिग में अंकुश व विकास की हत्या के षडयंत्र में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
लूट-स्नेचिग की वारदातों में 28 गिरफ्तार
जिला पुलिस ने लूट-स्नेचिग व चोरी की घटनाओं में भी बेहतर काम किया है। लूट और स्नेचिग की 15 वारदातों को हल करते हुए 28 आरोपितों केा गिरफ्तार किया। इसी तरह गृहभेदन की 11 वारदातों को हल करते हुए 16 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। चोरी की 19 वारदातों को हल करते हुए 29 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
इन मामलों में भी मिली सफलता
- आनलाइन फ्रॉड की एक वारदात में दो आरोपित गिरफ्तार। एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर युवती के साथ की थी धोखाधड़ी
- अवैध हथियारों के साथ 12 लोग गिरफ्तार, 11 देसी पिस्तोल व 25 कारतूस बरामद
- 58 लोगों को काबू कर अवैध शराब बरामद
- नशीले पदार्थों के साथ छह आरोपित गिरफ्तार
- जिला में 28 लोगों को जुआ खेलते हुए काबू किया
- छह उद्घोषित, 32 बेल जंपर व चार अति वांछित अपराधी गिरफ्तार
- यातायात नियमों की अवहेलना करते हुए 4281 वाहनों के चालन किए और 152 वाहनों को जब्त कर 29 लाख 75 हजार 400 रुपऐ जुर्माना वसूला