नेशनल आर्चरी कैंप के लिए 64 तीरंदाज चयनित
जागरण संवाददाता, रोहतक : राजीव गांधी स्टेडियम में चल रही नेशनल ओपन आर्चरी ट्रायल के बाद ि
जागरण संवाददाता, रोहतक :
राजीव गांधी स्टेडियम में चल रही नेशनल ओपन आर्चरी ट्रायल के बाद खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। यहां लिए गए ट्रायल के बाद देशभर के कुल 64 बेहतरीन तीरंदाजों का चयन किया गया है। खिलाड़ियों का चयन सीनियर नेशनल आर्चरी कैंप के लिए किया गया है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के अधिकारियों की देखरेख में चले इस ट्रायल में रिकर्व व कंपाउंड राउंड के लिए 32-32 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। जिनमें महिला व पुरुष वर्गाें के खिलाड़ी शामिल हैं। ट्रायल प्रक्रिया में देशभर से लगभग 500 तीरंदाजों ने भाग लेकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुबह से शाम तक अलग-अलग राउंड में होने वाले ट्रायल में मंगलवार को अंतिम दिन भी खिलाड़ियों ने खूब पसीना बहाया। साई की रोहतक स्थित नेशनल बॉक्सिंग अकादमी के सीईओ सतीश सरहदी ने बताया कि रिकर्व राउंड के लिए 16 महिला व 16 पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया गया है। वहीं कंपाउंड राउंड के लिए भी इतने ही खिलाड़ी चयनित किए गए हैं। दोनों राउंड में 32 महिला खिलाड़ियों व 32 पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि ट्रायल दो चरणों में होना है। पहले चरण का रोहतक में हो चुका है जबकि दूसरे चरण का 12 से 15 मार्च के बीच भुवनेश्वर में होगा। इन स्थानों के खिलाड़ी हुए चयनित
रिकर्व में झारखंड के दो, आर्मी के आठ, हरियाणा के तीन, पंजाब के दो, महाराष्ट्र के दो, पश्चिम बंगाल के दो, रेलवे के पांच, आल इंडिया पुलिस के तीन, पेट्रोलियम के एक, उत्तर प्रदेश के एक, आंध्र प्रदेश के एक व आसाम के दो तीरंदाजों का चयन नेशनल कैंप के लिए किया गया है।
उधर, कंपाउंड में आर्मी के चार, झारखंड के तीन, उत्तर प्रदेश के दो, महाराष्ट्र के पांच, राजस्थान के पांच, दिल्ली के चार, पुलिस के दो, रेलवे के दो, पंजाब के दो, मणिपुर के एक, मध्य प्रदेश के एक, आर्मी के चार व पेट्रोलियम के एक खिलाड़ी का चयन किया गया है।