सरकार के अहंकार को तोड़ेगा किसानों का शांतिपूर्ण संघर्ष : दीपेंद्र हुड्डा
जागरण संवाददाता रोहतक मुजफ्फरनगर के बघरा में आयोजित किसान महापंचायत में कांग्रेस मह
जागरण संवाददाता, रोहतक : मुजफ्फरनगर के बघरा में आयोजित किसान महापंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ पहुंचे राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने किसानों के संघर्ष को सलाम किया। तीन कृषि कानूनों के खिलाफ बघरा के स्वामी कल्याणदेव डिग्री कालेज में आयोजित किसान महापंचायत में हजारों की तादाद में उमड़े किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा आज पूरे देश का किसान एकजुट होकर शांतिपूर्ण ढंग से संघर्ष कर रहा है। किसान का शांतिपूर्ण संघर्ष सरकार के अहंकार को जरुर तोड़ेगा। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस धरती ने कभी अन्याय नहीं सहा। किसान अपनी धरती को मां की तरह प्यार करता है। उसकी भूमि पर कोई आंच आए इसे वो सहन नहीं करेगा। सरकार किसान की बात सुनने की बजाय उसकी आवाज कुचलने की कोशिश में लगी है। किसानों की मांगे बेहद सीधी हैं। तीन कृषि कानून रद्द हों और एमएसपी की जुबानी नहीं, कानूनी गारंटी दी जाए। क्योंकि, एमएसपी का कानूनी प्रावधान किये बिना किसी आश्वासन का कोई मतलब नहीं है।
दीपेंद्र ने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र के तहत सिघु बार्डर, टिकरी बार्डर किसान धरने पर हजारों-लाखों की तादाद में किसान शांतिपूर्ण तरीके से बैठे हैं। कई के शव अपने-अपने गांवों में जा चुके हैं। लेकिन, किसानों ने अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने कहा कि जब भी किसान पर कोई मुश्किल आई प्रियंका गांधी ने कंधे से कंधा मिलाकर दिन-रात किसान के संघर्ष में साथ दिया है। देश का किसान उनके साथ और संघर्ष को कभी नहीं भूलेगा। इस दौरान प्रमुख रूप से विधायक जयवीर वाल्मिकी, विधायक इंदुराज नरवाल, सोनीपत मेयर निखिल मदान मौजूद रहे।