ससुराल में गया दामाद झुलसा, ससुरालियों पर आग लगाने का आरोप
जागरण संवाददाता रोहतक शहर की तेज कालोनी में ससुराल में गया दामाद आग लगने के कारण
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर की तेज कालोनी में ससुराल में गया दामाद आग लगने के कारण गंभीर रूप से झुलस गया। आरोप है कि ससुरालियों ने पेट्रोल डालकर उसे आग लगाई है। झुलसी हालत में युवक पुलिस चौकी पहुंचा, जिसके बाद उसे पीजीआइएमएस में भर्ती कराया गया। बयान के आधार पर कई आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में ओल्ड हाउसिग बोर्ड कालोनी के रहने वाले ऋषि ने बताया कि वह ऑटो चलाता है। उसकी शादी तेज कालोनी निवासी रोजी के साथ हो रखी है। दोनों की एक बेटी भी है। दंपती के बीच काफी समय से झगड़ा चल रहा है। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। शुक्रवार रात ऋषि अपनी ससुराल में गया था। वहां पर सास सरोज नागपाल, साला बबलू और राजू नागपाल मौजूद थे। पीड़ित का कहना है कि जब वह अपनी सास के पैर छू रहा था तभी बबलू ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया और राजू ने आग लगा दी। वह जान बचाने के लिए उधर भागा, लेकिन आरोपित ने उसे बाहर नहीं निकलने दिया। वह किसी तरह गली में भागते हुए सलारा मुहल्ला चौकी में पहुंचा। वहां पर पुलिसकर्मियों ने उसकी आग बुझाई, जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआइएमएस में रेफर कर दिया गया। पीड़ित के बयान के आधार पर पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। वर्जन
युवक का ससुरालियों के साथ विवाद चल रहा है। झुलसे युवक के बयान के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
- बजे सिंह, थाना प्रभारी पुरानी सब्जी मंडी