21 करोड़ से सुधरेंगे मुख्य मार्ग, जर्जर सड़कों से मिलेगी निजात
अरुण शर्मा रोहतक लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते ठप हुए विकास कार्य फिर से रफ्ता
अरुण शर्मा, रोहतक
लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते ठप हुए विकास कार्य फिर से रफ्तार पकड़ेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुख्य मार्गों पर मरम्मत और नए सिरे से कार्य कराने के लिए एक मार्च को टेंडर की प्रक्रिया शुरू हुई थी। करीब 21.33 करोड़ के टेंडर की आखिरी तिथि 15 मार्च तक थी। हालांकि इसी दौरान आचार संहिता लग गई। इसके चलते लोक निर्माण विभाग(पीडब्ल्यूडी) ने टेंडर के अलावा दूसरे कार्य भी रोक दिए थे। अब सोमवार को नए सिरे से टेंडर की प्रक्रिया शुरू होगी। शहर को जोड़ने वाले मुख्य मार्गों तक नए सिरे से सड़कों का निर्माण होगा। एक से 15 मार्च तक थी टेंडर की प्रक्रिया, बाद में हुआ बदलाव
माडौंदी जाटान से सुनारिया पुलिस कॉम्प्लेक्स रोड का निर्माण होना है। ऐसे गोहाना लाखनमाजरा, महम भिवानी मार्ग पर दोनों तरफ बरसाती पानी की निकासी के लिए ड्रेन और सड़क का भी निर्माण कार्य होना है। निदाना से भराण तक सड़क का निर्माण होना है। इन सभी कार्यों के लिए एक मार्च से टेंडर की प्रक्रिया शुरू हुई थी। जबकि टेंडर लगाने की आखिरी तिथि 11 मार्च थी। वहीं, घिलौड़ से छिछराना मार्ग और किलोई से पोलंगी मार्ग तक के मार्ग के लिए दो से 12 मार्च टेंडर की प्रक्रिया होनी थी। बलंभा बाइपास और सैमाण मंदिर वाले अप्रोच रोड पर कार्य कराने के लिए पांच से 15 मार्च तक टेंडर की आखिरी तारीख थी। 9.71 करोड़ से गोहाना-लाखनमाजरा, महम-भिवानी मार्ग पर होगा काम
लोक निर्माण विभाग करीब 9.71 करोड़ की लागत से गोहाना लाखनमाजरा, महम-भिवानी रोड पर कार्य होगा। संबंधित मार्ग पर 16 किमी से 53.700 किमी के बीच में मरम्मत के कार्य होंगे। करीब 37.70 किमी मार्ग की मरम्मत होनी है। इस कार्य को कराने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। यह कार्य आचार संहिता लगने से पहले ही होना था। हालांकि कुछ अड़चनों के कारण कार्य शुरू कराने में दिक्कतें आईं। इसी मार्ग पर 52.56 लाख रुपये की लागत से ड्रेन का निर्माण होना है। माडौंदी से सुनारिया पुलिस कॉम्प्लेक्स तक बनेगी सड़क
करीब 60.82 लाख रुपये की लागत से माडौदी से सुनारिया पुलिस कॉम्प्लेक्स तक सड़क पर कार्य होगा। करीब 2.400 किमी सड़क यहां जर्जर हालात में पड़ी है। यह कार्य भी चुनाव से पहले ही होना था। हालांकि अब नए सिरे से टेंडर होंगे। ऐसे ही निदाना-भराण मार्ग पर 7.080 किमी मार्ग पर मरम्मत के कार्य होने हैं। घिलौड़-छिछराना मार्ग पर 201.54 लाख रुपये से नए सिरे से कार्य होगा। सैमाण मंदिर अप्रोच रोड पर 28.79 लाख रुपये खर्च होंगे। ऐसे ही किलोई से पोलंगी मार्ग पर दोबारा से निर्माण होना है। 3.50 किमी मार्ग पर निर्माण कार्य कराने के लिए 1.89 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बलंभा बाइपास को 2.88 करोड़ से किया जाएगा चौड़ा
बलंभा बाइपास पर भी करीब 2.88 करोड़ रुपये की लागत से कार्य होगा। संबंधित मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। यह कार्य अस्पताल के निकट से शुरू होगा। करीब 2.900 किमी लंबाई के इस कार्य के लिए भी टेंडर होंगे। इसके अलावा एक अन्य राज्य मार्ग के लिए निर्माण कार्य होने हैं। इसके लिए भी अब कार्रवाई शुरू होगी। आचार संहिता के कारण कुछ टेंडर की तारीख बढ़ाई गई थी। अब सोमवार को नए सिरे से टेंडर लगाएंगे। हमारी कोशिश रहेगी कि संबंधित कार्यों पर टेंडर के कारण कार्य शुरू कराया जाए।
अनिल रोहिल्ला, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग
यह होने हैं कार्य
कार्य के नाम : लागत
1. माडौदी जाटान से सुनारिया पुलिस कॉम्प्लेक्स तक सड़क का निर्माण : 60.82
2. गोहाना लाखनमाजरा महम भिवानी रोड पर आरसीसी ड्रेन का निर्माण : 52.56
3. गोहाना लाखनमाजरा महम भिवानी रोड पर सड़क का निर्माण : 971.50
4. निदाना से भराण रोड पर जीर्णोद्धार : 340
5. घिलौड़ से छिछराना मार्ग पर कार्य : 201.54
6. किलोई से पोलंगी रोड पर कार्य : 189.80
7. बलंभा बाईपास का चौड़ीकरण : 288.30
8. सैमाण अप्रोच रोड पर कार्य : 28.79
कुल लागत : 2133.31 लाख रुपये
नोट : लागत लाख रुपये में।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप