Move to Jagran APP

Rohtak Rally : पीएम मोदी बोले- देश नकारात्मकता को स्वीकार करने को तैयार नहीं, हिंदुस्तान में अब इसरो स्पिरिट

पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी दस सीटें जिताने के लिए लोगों का आभार जताया। कहा कि आज के युग में 55-60 प्रतिशत वोट पाना अपनेआप में जनविश्वास का प्रतीक है।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Sun, 08 Sep 2019 09:05 AM (IST)Updated: Mon, 09 Sep 2019 08:22 AM (IST)
Rohtak Rally : पीएम मोदी बोले- देश नकारात्मकता को स्वीकार करने को तैयार नहीं, हिंदुस्तान में अब इसरो स्पिरिट
Rohtak Rally : पीएम मोदी बोले- देश नकारात्मकता को स्वीकार करने को तैयार नहीं, हिंदुस्तान में अब इसरो स्पिरिट

जेएनएन, रोहतक। PM Narendra Modi rally in Rohtak प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत माता की जय के नारेे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि वह ऐसे समय में यहां आए हैं जब उनकी सरकार के सौ दिन हो रहे हैं। जनता के समर्थन से ही सरकार बड़े फैसले ले पाई है। बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। सौ दिनों में संसद के सत्र में जितने बिल पास हुए उतना आज तक पिछले साठ साल में नहीं हुए थे। बीते सौ दिन में देश और दुनिया ने देखा है कि भारत अब हर चुनौती को चुनौती देता है। फिर चाहे जम्मू-कश्मीर व लद्दाख का मामला हो या गंभीर होता जल संकट।

loksabha election banner

पीएम ने कहा कि सात सितंबर को रात एक बजकर 50 मिनट पर पूरा देश टीवी पर नजरें गाड़कर बैठा था। चंद्रयान-दो की खुशखबरी के लिए देश-दुनिया देख रही थी। बाद के सौ सेकेंड में मैंने एक और साक्षात्कार किया। एक घटना ने पूरे देश को सौ सेकेंड में जगा दिया। पूरे हिंदुस्तान को जोड़ दिया। अब हिंदुस्तान में इसरो स्पिरिट है। देश नकारात्मकता को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। देश पुरुषार्थ की पूजा करता है। देशवासियों का बदला मिजाज बहुत बड़ी पूंजी है। 100 सेकेंड में हिंदुस्तान ने दिखा दिया कि जिस देश में संकल्पों के साथ जीने की ताकत होती है, वह इसरो स्प्रिट होता है। हम भाग्यवान हैं कि देश में ऐसी ऊर्जा है।

पीएम लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी दस सीटें जिताने के लिए हरियाणा के लोगों का आभार जताया। कहा कि राजनीति केे आज के युग में 55-60 प्रतिशत वोट पाना अपनेआप में जनविश्वास व जन जाग्रति का अनमोल उदाहरण है। इसके लिए वह हरियाणा के लोगों का धन्यवाद करते हैं।  पीएम ने कहा कि उन्हें तीसरी बार रोहतक में आने का मौका मिला है। कहा कि वह एक बार फिर समर्थन मांगने के लिए आए हैं। 

इससे पहले, मोदी का यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी व जय श्री राम के जयघोष के साथ पीएम का स्वागत किया। सभी मंत्रियों ने पीएम को फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने रोहतक में रिमोट के जरिये किया करीब डेढ़ दर्जन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। पीएम ने कहा कि पांच साल में हरियाणा को भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार के डबल इंजन का पूरा लाभ मिला है। केंद्र की मदद से हरियाणा में 25 हजार के बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।

मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा के पीछे दो बड़े मकसद हैं। पहला नई परियोजनाओं का उपहार देना और दूसरा मनोहर लाल जी को मिल रहे आशीर्वाद का साक्षी बनने का। कहा कि इस यात्रा से साफ हो गया है कि हरियाणा के लोगों का आशीर्वाद मनोहर लाल जी के साथ रहेगा। पीएम ने कहा कि पांच साल पहले मनोहर लाल जी के बारे में भांति-भांति की बातें सुनाई देती थी, लेकिन आज उनके सुशासन से हरियाणा का हर परिवार मनोहर बन गया है। अब हरियाणा के लोग कंफ्यूज हो रहे हैं। कोई मनोहर बोलते हैं तो कोई नमोहर। लेकिन, दोनों नाम एक ही हैं। विकास के रास्तेे  सेवा करते हुए जनविश्वास मिलता है। आज की सभा उस जनविश्वास पर मोहर लगा रही है।पिछले पांच वर्षों में केंद्र व राज्य सरकार के डेवलपमेंट का राज्य के लोगों को पूरा लाभ मिल रहा है। अभी हरियाणा में 25 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। 

पीएम ने कहा कि लोकसभा चुनावों ने भाजपा को दिशा दी, समर्थन दिया, नई ऊर्जा दी। जो भरोसा मुझ पर और भाजपा पर जताया, उसके लिए फिर एक बार विनम्रता के साथ आपके सामने शीश झुकाता हूं। हरियाणा से मुझे सीख और संस्कार मिले। मैं हरियाणा में ऐसे समय में आया हूं जब केंद्र सरकार के 100 दिन हो रहे हैं। कुछ लोगों को समझ ही नहीं आ रहा। चुनाव परिणाम से इतने बेहाल हैं कि मन सुन्न हो गया है उनका। परिवर्तन के रहे सौ दिन। बड़े निर्णय के रहे, जनसंकल्प के रहे, जनसिद्धियों के रहे सौ दिन। इसका श्रेय सभी 130 करोड़ भारतवासियों को जाता है।

पीएम ने कहा कि बीते सौ दिन में आतंकवाद से निपटने, मुस्लिम भाइयों की सुरक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए-नए नियम बनाए गए। आर्थिक क्षेत्र में कई बड़े फैसले हुए। अभी तो यह शुरुआत है। आने वाले दिनों में और बड़े फैसले लिए जाएंगे। संसद के पिछले सत्र में जितने बिल पास हुए, जितना काम हुआ, उतना पिछले साठ साल में नहीं हुआ। देर रात तक संसद में वाद-विवाद, नए-नए कानूनों पर चर्चा की। रिकॉर्ड कार्यों के लिए सभी दलों को धन्यवाद देता हूं।

दशकों पूर्व की चुनौती हो या भविष्य की चुनौती, भारत हर चुनौती को चुनौती देता है। जम्मू-कश्मीर या लद्दाख का मामला हो या गंभीर होता जल संकट, 130 करोड़ों लोगों ने समाधान तलाशने शुरू कर दिए हैं। हरियाणा में सात लाख से अधिक गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन का लाभ मिला है। पीएम सम्मान निधि का लाभ हर किसान परिवार को दिलाएंगे। देशभर के किसानों के खातों में 21 हजार करोड़ और हरियाणा के किसानों के खाते में 425 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। हरियाणा में हर महीने में तीन हजार रुपये बुढ़ापा पेंशन की योजना शुरू हो चुकी है। 33 हजार से अधिक हरियाणा के हैं। छोटे कारोबारियों और व्यापारियों के लिए पेंशन जल्द शुरू होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि रोहतक में फूड पार्क से सात हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। साल 2024 तक देश के हर घर तक पानी पहुंचेगा। पानी को बचाने और घर-घर पहुंचाने के लिए साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पीएम ने कहा कि पहले हरियाणा में मुख्यमंत्री वही बनता था जो दिल्ली में बैठी सरकार के लिए ट्रक भरकर लोग ले जाते थे। प्रधानमंत्री के घर के आगे बैठकर ढोल पीटते थे। हमारे पांच साल में एक भी ट्रक लोगोंं को ले जाने का काम आज न तो हरियाणा की सरकार को करना पड़ा और न मुख्यमंत्री को। सरकार ने कार्य संस्कृति बदली।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा रैली स्थल पर पहुंची। सीएम ने यह यात्रा 18 अगस्त को कालका से शुरू की थी, जो आज रोहतक में पीएम की रैली के साथ संपन्न हो रही है। रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रदेशभर से आशीर्वाद यात्रा करके लौटे हैं। वह इस दौरान गांव-गांव, शहर-शहर गए। इस दौरान लोगों का अपार समर्थन मिला। भाजपा अपने विजय लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है। उन्होंने यहां से यात्रा को सफल बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

जींद उपचुनाव ने हरियाणा की राजनीति की दिशा बदली

मनोहर लाल ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचारमुक्त शासन दिया, जिसका लोगों ने भरपूर समर्थन किया। सरकार ने बिना भेदभाव के हर वर्ग व हर क्षेत्र के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में अपने परिवार केे कल्याण के लिए नेता काम करते थे, लेकिन उनकी सरकार ने लोगों के विकास के लिए काम किया। भाजपा ने पिछले पांच वर्षों में सभी चुनाव जीते। जींद विधानसभा के उपचुनाव ने हरियाणा की राजनीति की दिशा पूरी तरह से बदली।   

रैली स्थल व इसके इर्द गिर्द सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। हर आने-जाने वाले पर पैनी निगाह रखी जा रही थी। मंच पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर, कृषि मंत्री ओपी धनखड़, कविता जैन, कृष्ण लाल पंवार, हरियाणा बीजेपी प्रभारी डॉक्टर अनिल जैन, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व सांसद सुधा, राज्यसभा सदस्य डीपी वत्स, अलवर के सांसद महंत बालक नाथ, राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह, सांसद धर्मबीर सिंह, मंत्री अनिल विज, चुनाव सह प्रभारी भूपेंद्र सिंह, सांसद संजय भाटिया, रमेश कौशिक आदि मौजूद रहे।

हर ब्लॉक के चारोंं कोने पर डस्टबिन

रैली में स्वच्छता के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक ब्लॉक में 2000 कुर्सियां थी, इसलिए प्रत्येक ब्लॉक के चारों कोने पर एक-एक डस्टबिन रखा गया।

मीडिया सेंटर में एलईडी 

रैली के दौरान सीधा प्रसारण दिखाने के अलावा सोशल मीडिया व दूसरे मीडिया के लिए एक मीडिया सेंटर बनाया गया। यहां अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई थी। 15 बड़ी व दूसरी एलईडी भी थी।

छतरियों, गुब्बारों और कटआउट से सजावट

शहर को सजाने के साथ ही चार प्रमुख स्थानों पर छतरियों, गुब्बारों, कटआउट से सजाया गया था। एंट्री प्वाइंट पर यह इंतजाम थे। झंडे, लड़ियां, बैनर होर्डिंग्स भी लगाए गए थे। प्रधानमंत्री के अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व मुख्यमंत्री के कटआउट लगाए गए।

प्लास्टिक के दोने -चम्मच नहीं होंगी उपयोग

हरियाणा प्रभारी डा. अनिल ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी सूरत में भोजन के दौरान पॉलीथिन, प्लास्टिक के दोने, चम्मच आदि का उपयोग न हो। नाश्ते में चना-हलवा भी होगा। यहां डस्टबिन व स्वच्छता के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। कचरा किसी भी सूरत में पंडाल में नहीं दिखे।

सुरक्षा चाक-चौबंद

मोदी की विजय संकल्प रैली को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रही। सुरक्षा के इंतजामों को लेकर प्रदेश के 12 आइपीएस, 46 एचपीएस अधिकारियों समेत 3369 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा एसपीजी कमांडो और सीआइडी भी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए थे।

इन स्थानों पर नाकाबंदी

कार्यक्रम को लेकर अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी की गई। इसमें हिसार बाईपास चौक, जींद बाईपास चौक, टी-प्वाइंट कुंडू फार्म हाऊस, जेएलएन नहर बोहर, टी-प्वाइंट होटल मैनेजमेंट संस्थान, दिल्ली बाईपास चौक, टी-प्वाइंट नजदीक जाट भवन, आउटर झज्जर बाईपास चौक, आउटर मिनी बाईपास चौक सुनारिया, भिवानी चुंगी, नामदेव चौक, विश्वकर्मा चौक, वाल्मीकि चौक पुराना बस अड्डा, आउटर बाईपास लाढ़ौत रोड, आउटर बाईपास मकड़ौली मोड़ पुल के नीचे, सुंदरपुर गोल चक्कर जींद रोड और खाटू श्याम मंदिर बहुअकबरपुर शामिल हैं।

पीएम इन परियोजनाओं का किया लोकार्पण

  • दुल्हेड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी का पुनर्वास
  • रोहतक में 576 से आवास
  • बडोली (पलवल), पुन्हाना (नूंह), मंडकोला (पलवल), उगालन (हिसार) तथा कालांवाली (सिरसा) में कन्या महाविद्यालय
  • थानेसर, लाडवा, शाहबाद और पिहोवा (कुरुक्षेत्र) में केंद्रीयकृत नियंत्रण एवं निरीक्षण प्रणाली के साथ ऊर्जा-कम-स्ट्रीट लाइट परियोजना
  • समेकित कमांड एवं नियंत्रण केंद्र, फरीदाबाद

इन परियोजनाओं का किया शिलान्यास

  • श्री शीतला माता देवी चिकित्सा महाविद्यालय गुरुग्राम
  • एबीपी, फरीदाबाद स्मार्ट सिटी में सड़क तंत्र का निर्माण
  • रोहतक एमआइटी में मेगा फूड पार्क
  • करनाल समेकित कमांड एवं नियंत्रण केंद्र
  • पुलिस परिसर भोंडसी में 576 आवास

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.