सात एमएम बारिश से शहर में कई जगह भरा पानी
रोहतक रोहतक में मंगलवार दोपहर को घंटों तक रुक-रुक कर बारिश्
जागरण संवाददाता, रोहतक :
रोहतक में मंगलवार दोपहर को घंटों तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसके चलते शहर में कई स्थानों पर पानी भर गया। इसकी निकासी में लिए नगर निगम कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को रोहतक में सात एमएम बारिश दर्ज की गई है। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को जहां रोहतक का अधिकतम तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था वहीं मंगलवार को रोहतक का अधिकतम तापमान 32 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा में भी इजाफा हुआ है। मंगलवार को रोहतक की हवा में नमी की मात्रा 88 फीसद दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं।
दिनचर्या हुई प्रभावित
मंगलवार को दोपहर बाद तक हुई बारिश के चलते अनेक लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। विशेष कर स्कूली विद्यार्थियों को छुट्टी के बाद घर तक पहुंचने में परेशानियां उठानी पड़ी। वहीं अनेक लोगों को बसों का इंतजार करने के लिए शेड के नीचे खड़ा होना पड़ा। बच्चों व युवाओं ने की मस्ती
उधर, दोपहर के समय घंटों तक रुक रुक कर हुई बारिश के चलते अनेक युवाओं ने खूब मस्ती भी की। अनेक युवा दुपहिया वाहनों पर भीगते हुए ही सड़कों से गुजरते देखे गए। बारिश की फुहारों से भीगे युवाओं के चेहरों पर गर्मी से राहत देने वाली इस बारिश की खुशी साफ झलक रही थी। खरीफ फसलों को होगा लाभ :
रोहतक में दो दिन में हुई बारिश से खरीफ फसलों को फायदा पहुंचेगा। कृषि अधिकारियों की मानें तो इन दिनों किसानों को खरीफ फसलों, विशेषकर धान के लिए बरसात की सख्त जरूरत है। दो दिनों से मौसम में हुए बदलाव और बरसात से किसानों में खुशी देखी जा रही है। आगामी दिनों और बारिश होने से किसानों को और भी अधिक लाभ पहुंचने की उम्मीद है। विवेकानंद चौक के पास भरा पानी :
रोहतक में हुई सात एमएम बारिश से शहर में विवेकानंद चौक व उसके आसपास बरसाती पानी जमा हो गया। पूर्व पार्षद नौरातामल भटनागर ने दावा किया है कि बरसाती पानी निकासी में करीब तीन घंटे का समय लग गया। इस दौरान राहगीरों को वहां से आने-जाने में भारी दिक्कतों को सामना करना पड़ा। अनेक राहगीरों को बरसाती पानी से ही गुजरते हुए देखा गया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के पास भी जलभराव हुआ लेकिन जल्दी ही पानी की निकासी हो गई। वहीं रामगोपाल कालोनी के पास सड़क किनारों पर भी कुछ हद तक जलभराव देखा गया। शहर से बरसात पानी की निकासी के लिए निगम के पास चार पंप हैं। अभी तक हमारे पास शहर में कहीं भी जलभराव होने की कोई बड़ी शिकायत नहीं आई है। शहर में जल निकासी के लिए दो टीमें बनाई हुई हैं।
- मनजीत दहिया, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, रोहतक