Move to Jagran APP

नगर निगम कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाली महिला के खिलाफ भड़की यूनियन, केस दर्ज कराने की मांग

रोहतक नगर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नही

By JagranEdited By: Published: Thu, 11 Jul 2019 12:40 AM (IST)Updated: Thu, 11 Jul 2019 12:40 AM (IST)
नगर निगम कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाली महिला के खिलाफ भड़की यूनियन, केस दर्ज कराने की मांग
नगर निगम कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाली महिला के खिलाफ भड़की यूनियन, केस दर्ज कराने की मांग

जागरण संवाददाता, रोहतक

loksabha election banner

नगर निगम कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पांच जुलाई को एक महिला ने टैक्स ब्रांच में तैनात कर्मचारियों के थप्पड़ जड़ दिए थे। पूरे मामले में कार्रवाई न होने से नगर पालिका कर्मचारी संघ ने कड़ी नाराजगी जताई है। नगर निगम के अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल ही आरोपित महिला के खिलाफ पुलिस केस दर्ज किया जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो कर्मचारी मजबूर होकर आंदोलन को विवश होंगे। वहीं, पूरे प्रकरण में उच्चस्तरीय जांच शुरू हो गई है।

यहां बता दें कि पांच जुलाई को नगर निगम कार्यालय की टैक्स ब्रांच में कार्यरत बेलदार के साथ एक महिला ने मारपीट की थी। कर्मचारियों के साथ पहले तो कहासुनी हुई थी। बाद में थप्पड़ जड़ दिए थे। अधिकारियों के संज्ञान में मामला आ चुका है। पीड़ित कर्मचारी कुलदीप ने पूरे प्रकरण में नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान संजय बिड़लान और महासचिव श्रवण बोहत को घटना से अवगत कराया है। कर्मचारी संघ के प्रधान संजय और महासचिव श्रवण ने कहा कि पहले कर्मचारी ने सिर्फ अभद्रता की बात कही थी। इसलिए हमने सीसीटीवी फुटेज निकलवाने की मांग की थी। फुटेज से स्पष्ट हो चुका है कि कर्मचारी के साथ मारपीट की गई थी। संबंधित महिला अपने बेटे का ईडब्ल्यूएस का प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान झगड़ा हुआ था। ईडब्ल्यूएस का प्रमाण-पत्र बनवाने को लेकर हुआ था झगड़ा, जांच शुरू

नगर निगम की टैक्स ब्रांच के क्षेत्रीय कराधान अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया है कि ईडब्ल्यूएस यानी आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए प्रमाण-पत्र बनवाने का पिछले कुछ माह से कार्य चल रहा है। इनका कहना है कि आरोपित महिला लक्ष्मी नगर की रहने वाली हैं। इनका दावा है कि ईडब्ल्यूएस का प्रमाण बनवाने के लिए कई शर्तें हैं। इनमें महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि परिवार के किसी भी सदस्य के पास दो एकड़ से अधिक जमीन नहीं होनी चाहिए। प्लॉट व आर्थिक स्थिति भी नियम के हिसाब से होनी चाहिए। लेकिन संबंधित महिला के पास 300 गज के प्लॉट में मकान बना हुआ है। इनके परिवार में पूर्व सैनिक हैं, महिला भी सरकारी नौकरी में हैं।

नियमों के हिसाब से पूर्व सैनिक यदि खुद ही निर्मित मकान का उपयोग करते हैं तो उससे टैक्स माफ होता है। अब इस प्रकरण में जांच चल रही है। इसके साथ ही निगम आयुक्त के संज्ञान में मामला लाया जा चुका है। कार्रवाई की फाइल भेजी जा चुकी है। जांच के बाद कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नए निगम आयुक्त से आज मिलकर करेंगे कार्रवाई की मांग

पालिका संघ के प्रधान संजय बिड़लान ने बताया है कि नगर निगम के नए आयुक्त प्रदीप गोदारा ने बुधवार को पद संभाल लिया है। अब बृहस्पतिवार को पूरे प्रकरण में नए आयुक्त गोदारा से कार्रवाई की मांग करेंगे। यह भी कहा है कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर भी ज्ञापन सौंपा जाएगा। नए निगम आयुक्त को पूर्व में कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं का भी लिखित में उल्लेख करेंगे। जिससे कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं रोकी जा सकें।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.