पुलिसकर्मी पर अभद्रता का आरोप लगाकर हंगामा
रोहतक गोहाना अड्डा पर फल बेचने वालों ने पुलिसकर्मी पर अभद्रता करने क
जागरण संवाददाता, रोहतक : गोहाना अड्डा पर फल बेचने वालों ने पुलिसकर्मी पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने न केवल अवैध वसूली की बल्कि बिना किसी शिकायत के मारपीट भी की है। साथ ही पुलिस पर फलों की रेहड़ी पलटने का भी आरोप है।
फल विक्रेताओं के अनुसार गोहाना अड्डा चौराहे पर फलों की रेहड़ी से अवैध वसूली करने के लिए बुधवार की देर शाम एक पुलिसकर्मी गोहाना अड्डा पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपित पुलिसकर्मी ने रेहड़ी संचालकों से अवैध वसूली का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि जब रेहड़ी संचालकों ने इसका विरोध किया तो पुलिसकर्मी ने रेहड़ियों को पलट दिया। जिसके बाद रेहड़ी संचालक आक्रोशित हो गए। संचालकों ने पुलिसकर्मी की अभद्रता के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद गोहाना अड्डा पर जाम लगने लगा। जिसके कारण सब्जी मंडी एसएचओ समेत बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गए। रेहड़ी संचालक आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई करने की मांग कर रहे थे। रेहड़ी संचालक किला रोड निवासी नरेंद्र, संजीत और माता दरवाजा निवासी गोलू ने बताया कि आरोपित पुलिसकर्मी लगातार उनके साथ अभद्र व्यवहार करने के साथ ही फ्री में फल आदि लेकर चला जाता है। बुधवार की सुबह भी आरोपित आया और रेहड़ी से तराजू उठाकर ले गया। जिसके बाद दूसरी तराजू ले आए, लेकिन आरोपित ने फिर भी अभद्रता शुरू कर दी। रेहड़ी संचालक आरोपित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई और उसका तबादला करने की मांग कर रहे थे। वहीं आरोपित पुलिसकर्मी ने बताया कि रेहड़ी पलटने का आरोप निराधार हैं। केवल सड़क पर अतिक्रमण के चलते रेहड़ियों को सड़क से किनारे लगाने का प्रयास किया गया था। रेहड़ी संचालकों ने खुद ही रेहड़ियां पलटी हैं। मामले में सब्जी मंडी थाना प्रभारी श्री भगवान हुड्डा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। यदि पुलिसकर्मी पर आरोप साबित होते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।