बैकफुट पर आई ऑटो यूनियन, 15 रुपये ही लिया जाएगा किराया
जागरण संवाददाता रोहतक शहर में चलने वाले ऑटो के किराए को लेकर एक बार फिर से ह
जागरण संवाददाता, रोहतक : शहर में चलने वाले ऑटो के किराए को लेकर एक बार फिर से हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण संघ बैकफुट पर आ गई है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष ने ऑटो चालकों की बैठक बुलाकर निर्णय लिया कि किराया कम नहीं किया जाएगा। पहले की भांति सवारियों से 15 रुपये ही किराया लिया जाएगा। हालांकि इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि किराए में असमंजस को लेकर शहर में कई जगह सवारियों और ऑटो चालकों के बीच विवाद हुआ। इसे देखते हुए दोनों यूनियन का किराया एक समान रखा गया है।
बता दें, कि शहर में चलने वाले ऑटो की दो यूनियन है। कुछ ऑटो हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण समिति और कुछ ऑटो न्यू रोहतक ऑटो रिक्शा कल्याण संघ से जुड़ी हुई है। दो दिन पहले हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण समिति ने किराए को 15 रुपये से घटाकर दस रुपये करने की घोषणा कर दी थी। इससे शहरवासियों ने राहत की सांस ली थी। जबकि न्यू रोहतक ऑटो रिक्शा कल्याण संघ ने इसका विरोध करते हुए 15 रुपये ही किराया रखने का फैसला लिया था। किराए को लेकर शहरवासी भी असमंजस में थे कि किस ऑटो में कितना किराया होगा। शुक्रवार को हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष तस्वीर टांक ने अपने आवास पर ऑटो चालकों की बैठक बुलाई। इसमें निर्णय लिया कि किराया कम नहीं होगा और पहले की भांति 15 रुपये ही लिया जाएगा। इस फैसले के बाद शहरवासियों को एक बार फिर से महंगा किराया ही देना होगा। हालांकि दिव्यांग और अंधेपन के शिकार लोगों के लिए किराया माफ रहेगा। कई जगह हुई घटना, तब लिया फैसला : तस्वीर टांक
हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण समिति के प्रदेशाध्यक्ष तस्वीर टांक का कहना है कि दोहरा किराया होने के कारण शुक्रवार को कई जगह विवाद की स्थिति बनी रही। इसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि इस मुद्दे को लेकर जल्दी ही डीएसपी से मिला जाएगा। यदि पुलिस सहयोग करती है तो जल्दी ही किराया कम कर दिया जाएगा।