घरों में बिक रहे थे नशीले पदार्थ, कई मकानों पर पुलिस की रेड, मां-बेटा समेत चार गिरफ्तार
जागरण संवाददाता रोहतक सिटी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थो के खिलाफ एक माह में दूसरी बड़ी क
जागरण संवाददाता, रोहतक : सिटी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थो के खिलाफ एक माह में दूसरी बड़ी कार्रवाई की। खोखराकोट और करतारपुर में कई मकानों में रेड की गई। जिससे वहां पर हड़कंप मच गया। नशीले पदार्थों का धंधा करने वाले कई लोग घरों पर ताले लगाकर वहां से निकले भागे, जबकि मां-बेटा समेत चार आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस बीच पुलिस को विरोध का सामना भी करना पड़ा।
दैनिक जागरण ने बृहस्पतिवार के अंक में नशे को लेकर प्रमुखता से समाचार भी प्रकाशित किया था, जिसमें बताया गया था कि रोहतक में हेरोइन, स्मैक, अफीम जैसा नशा खुलेआम बिकता है।
दरअसल, खोखराकोट और करतापुरा में बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों को बेचा जाता है। इसके लिए सिटी थाना प्रभारी सुरेश चंद ने अपनी टीम के साथ रेड की प्लानिग बनाई। टीम में शामिल किसी भी सदस्य को नहीं बताया गया कि कहां पर छापेमारी करनी है। पुलिस ने सबसे पहले खोखराकोट में मुन्नी नाम की महिला के घर पर रेड की, लेकिन मकान में कोई भी सदस्य नहीं मिला। पुलिस ने मकान की तलाशी भी ली। इसके बाद दूसरे मकान में रेड की गई। यहां पर पुलिस ने इंद्रा कालोनी निवासी कृष्ण को स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। खोखराकोट के बाद पुलिस ने करतारपुरा में रेड की। वहां से पुलिस ने दर्शन नाम के आरोपित को गांजा और सुल्फा के साथ पकड़ लिया। जिस समय पुलिस आरोपित को पकड़कर ले जाने लगी, तभी उसकी मां सावित्री और सुशीला ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस के साथ हाथापाई की भी कोशिश की गई। लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीन अन्य मकानों पर भी रेड की। लेकिन वहां पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही ताले लगा दिए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। महिला एएसआइ ने दिखाई बहादुरी
जिस समय दोनों महिला पुलिसकर्मियों के चंगुल से आरोपित को छुड़ाने का प्रयास कर रही थी, तभी वहां पर महिला एएसआइ सविता भी पहुंच गई। जिसे देखकर दोनों महिलाएं वहां से भागने लगी। एएसआइ सविता ने भी उनका पीछा किया और अकेले ही दोनों आरोपित महिलाओं को पकड़ लिया। हालांकि दोनों महिलाओं ने उनके साथ भी जमकर हाथापाई की, लेकिन एएसआइ के चंगुल से नहीं निकल सकी। शटर बंद कर दुकान में छिप गया था एक आरोपित
पुलिस की इस कार्रवाई से बचने के लिए एक आरोपित मकान के पास पड़ी खाली दुकान में घुस गया था, जिसके बाद आरोपित ने आधा शटर डाला ही था कि वहां पुलिस पहुंच गई। काफी देर तक पुलिस उसे तलाशती रही। तभी पुलिस को शक हुआ और उन्होंने दुकान का पूरा शटर खोलकर उसे चेक किया, जिसके बाद आरोपित को पकड़ा गया। 11 जून को भी सिटी थाना पुलिस ने की थी बड़ी कार्रवाई
इंद्रा कालोनी, करतारपुरा और खोखराकोट में काफी समय से नशीले पदार्थों का कारोबार चल रहा है, लेकिन पुलिस ने कभी भी इतने बड़े स्तर पर कार्रवाई नहीं की। लोकसभा चुनाव से कुछ माह पहले इंस्पेक्टर सुरेश चंद को सिटी थाने की कमान दी गई थी। इसके बाद से कई बार नशीले पदार्थों को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया। पुलिस ने 11 जून को भी इंद्रा कालोनी और करतारपुरा में रेड की थी। उस समय भी दो महिला समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर काफी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए थे। इसके अलावा लोकसभा चुनाव से पहले दो बार शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, जिसकी कीमत कई लाख रुपये थी। फिर लीक हुई पुलिस की सूचना
हैरानी की बात यह है कि जिस समय सिटी थाना पुलिस ने 11 जून को रेड की थी उस वक्त भी सूचना पहले ही लीक हो गई थी। इस पर जब पुलिस ने सटीक सूचना के बाद मुन्नी नाम की महिला के घर रेड की तब वहां भी सूचना लीक हो चुकी थी। क्योंकि मकान में एसी और पंखा चल रहे थे, लेकिन वहां पर कोई नहीं था। इससे लग रहा है कि पुलिस के पहुंचने से चंद मिनट पहले ही वह लोग वहां से फरार हुए हैं। पिछली बार रेड की सूचना लीक करने पर दो पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी की जा चुकी है। कई घरों में रेड की गई है, जहां से दो महिला समेत चार आरोपितों को नशीले पदार्थों के साथ पकड़ा गया। कई अन्य लोग भी चिन्हित किए गए हैं, जिन पर जल्दी ही कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई पुलिसकर्मी इन लोगों के संपर्क में है तो उस पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- इंस्पेक्टर सुरेश चंद, थाना प्रभारी सिटी