विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

106 वर्षीय दूलीचंद का निधन, 102 साल की उम्र में दूल्हा बन निकाली थी बरात; 'थारा फूफा' को अनोखे अंदाज में दी अंतिम विदाई

Published: Sun, 25 Oct 2026 08:03 PM (IST)

रोहतक के दूलीचंद का 106 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 102 साल की उम्र में दूल्हा बनकर ...और पढ़ें

106 वर्षीय दूलीचंद का निधन। फोटो जागरण

106 वर्षीय दूलीचंद का निधन। फोटो जागरण

जागरण संवाददाता, रोहतक। दूलीचंद की उम्र 102 साल थी। पेंशन बंद हुई तो सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने लगे। कागजों में उन्हें मृत बता दिया गया था, लेकिन वह खुद को जिंदा साबित करने की लड़ाई लड़ रहे थे। जब सुनवाई नहीं हुई तो उन्होंने ऐसा रास्ता चुना, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी।

चश्मा पहनकर दूल्हा बने, रथ पर बैठे और बारात लेकर उपायुक्त कार्यालय पहुंच गए। हाथों में तख्तियां थीं और नारा था- ‘थारा फूफा अभी जिंदा है।’ उनका यह अंदाज पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना।

रविवार सुबह गांधरा गांव में 106 वर्षीय दूलीचंद का निधन हो गया। ग्रामीण उनकी उम्र 108 साल बताते हैं। उनकी अंतिम यात्रा में अर्थी गुब्बारों से सजी। ढोल बजे और युवा नाचते हुए चले।

81531110

दूल्हा बन बरात निकालते दूलीचंद- फोटो जागरण

पेंशन के लिए छह महीने तक संघर्ष

दूलीचंद को दो मार्च 2022 को आखिरी बार पेंशन मिली थी। इसी महीने उनकी पेंशन बंद कर दी गई। वह करीब छह महीने तक अधिकारियों के पास जाते रहे। जब सुनवाई नहीं हुई तो दूल्हा बनकर बारात निकाल दी। उनके विरोध के बाद प्रशासन ने शिविर लगाया और उनकी पेंशन बहाल की गई। दूसरे लोगों की पेंशन बहाल करने में भी यह शिविर मददगार बना।

पीछे छोड़ गए बड़ा परिवार

दूलीचंद के छह बेटे और चार बेटियां हैं। सभी शादीशुदा हैं। परिवार में करीब 40 पौत्र-पौत्री और दोहते-दोहती हैं। करीब 20 प्रपौत्र-प्रपौत्रियां भी हैं। परिवार के कुल सदस्य करीब 70 हैं। रविवार को उनके बड़े बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी।

81526412

ढोल बजाकर दी अंतिम विदाई- फोटो जागरण

आंदोलन पर बनी फिल्म, विवाद अदालत पहुंचा

दूलीचंद के आंदोलन से प्रेरित होकर हरियाणवी फिल्म बनाई गई। नवीन जयहिंद ने आरोप लगाया कि निर्देशक ने दूलीचंद के जीवन और आंदोलन से जुड़ी कहानी बिना अनुमति इस्तेमाल की। निर्देशक सहित 12 लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। ओटीटी एप के ब्रांड एंबेसडर को भी अदालत ने तलब किया था। मामला अभी अदालत में विचाराधीन है।