युवाओं में है बूथ प्रबंधन के प्रति उत्साह
लोकसभा चुनाव में छात्राओं की भूमिका अहम होगी। बूथ प्रबंधन से लेकर मतदान करने तक के लिए उत्साहित हैं। आइजीयू छात्र संघ के साथ विभिन्न विभागों की छात्राओं ने मजबूत लोकतंत्र में अपनी अहम भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आइजीयू छात्र संघ प्रधान ज्योति किन्हा के साथ एमकॉम की छात्राएं अर्चना वर्षा कोमल डोली भारती सपना आदि का कहना है कि देश और प्रदेश के विकास और उत्थान में युवाओं की अहम भूमिका होती है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी : लोकसभा चुनाव में छात्राओं की भूमिका अहम होगी। बूथ प्रबंधन से लेकर मतदान करने तक के लिए उत्साहित हैं। आइजीयू छात्र संघ के साथ विभिन्न विभागों की छात्राओं ने मजबूत लोकतंत्र में अपनी अहम भूमिका निभाने का संकल्प लिया। आइजीयू छात्र संघ प्रधान ज्योति किन्हा के साथ एमकॉम की छात्राएं अर्चना, वर्षा, कोमल, डोली, भारती, सपना आदि का कहना है कि देश और प्रदेश के विकास और उत्थान में युवाओं की अहम भूमिका होती है। इसमें नारी शक्ति भी बराबर की भागीदारी निभाती हैं। किसी भी चुनाव में पुरुषों के साथ महिलाओं की भी सहभागिता होती है लेकिन इनमें काफी संख्या में महिलाएं मतदान करने में रुचि नहीं दिखाती। इस बार लोकसभा चुनाव में छात्राओं की भूमिका ऐसी महिलाओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की होगी जो चुनाव में भाग लेने में रुचि नहीं दिखाती। इसके अलावा नारी शक्ति को मतदान करने से पहले ऐसे प्रत्याशी का चुनाव करना है जो नारी सशक्तीकरण की व्यावहारिकता को समझता है और शिक्षा, रोजगार को बढ़ावा देने के लिए ठोस नीति बनाए। जात-पात और धर्म की संकुचित सोच से ऊपर उठकर राष्ट्र का चितन करने वाला ही सच्चा देशभक्त होता है। इस बार यह जिम्मेदारी युवा नारी शक्ति बखूबी निभाने को तैयार है।