महिलाएं पानी बचाने में निभाएं अहम भूमिका
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा गांव गूजरवास में आयोजित जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को पानी का जीवन में महत्व बताया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी : कृषि विज्ञान केंद्र रामपुरा, बावल तथा कृषि विभाग रेवाड़ी के संयुक्त तत्वावधान में गांव गूजरवास में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पानी के महत्व को समझते हुए इसकी बूंद-बूंद बचाने व सहेजने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र रामपुरा के प्रमुख डॉ. कपूर सिंह ने कहा कि पानी को बचाना हमारा कर्तव्य है। इसमें हर व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। कृषि विज्ञान केंद्र बावल की प्रमुख शशि वशिष्ठ ने कहा कि महिलाओं को पानी बचाने में अपनी अहम भूमिका अदा करनी चाहिए। महिलाएं कपड़े धोते समय, नहाते समय, पानी भरते समय पानी बचा सकती हैं। क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र बावल के डॉ.जोगिद्र ने कम पानी में लगने वाली अरंड की फसल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कृषि अभियंता डॉ.राज कुमार ने किसानों को पानी बचाने के आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जबकि डॉ.बलबीर सिह ने छतों का पानी एकत्रित करके अपने आसपास के जोहड़ों, तालाबों, ट्यूबवैल, बोरवैल आदि में भंडारण करने के तरीके बताए। उन्होंने बताया कि किसान अपने खेत या आसपास कुंड बनाकर पानी एकत्रित कर सकते हैं। इस अवसर पर कृषि विभाग के डॉ. सतीश कुमार इंदौरा ने किसानों को फसलों में लगने वाले कीड़ों व बीमारियों के बारे में बताया। अंत में सरपंच ने धन्यवाद ज्ञापित किया।