खोदाई करते समय दीवार गिरने से दो श्रमिक घायल
मॉडल टाउन स्थित राधा कृष्ण मंदिर के निकट दीवार गिरने से दो श्रमिक दब गए। दीवार गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: मॉडल टाउन स्थित राधा कृष्ण मंदिर के निकट एक मकान के निर्माण के लिए बेसमेंट की खोदाई करते समय साथ वाले मकान की दीवार गिरने दो श्रमिक दब गए। दीवार गिरने से दोनों श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस व दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों घायल श्रमिकों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मॉडल टाउन स्थित राधा कृष्ण मंदिर के निकट एक डॉक्टर द्वारा मकान व अस्पताल के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण के लिए मंगलवार को बेसमेंट की खोदाई का कार्य चल रहा था। खोदाई के दौरान पड़ोस में स्थित एक मकान की दीवार का हिस्सा गिर गया तथा नीचे काम कर रहे बिहार के अरहरिया निवासी इकबाल व मजहर मलबे में दब गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा दोनों को मलबा हटा कर निकाला गया। दोनों श्रमिकों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची, परंतु उससे पहले ही दोनों को निकाल लिया गया था। अभी इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है।