सैनिक सम्मान के साथ हुआ जवान का अंतिम संस्कार
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में साथी जवान द्वारा गोली चलाने से मारे गए जवान उमेद सिंह को पार्थिव शरीर शुक्रवार को गांव जुड्डी पहुंचा। गांव में गमगीन माहौल में उमेद सिंह का सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गोली बारी में उमेद सिंह के अतिरिक्त दो और जवानों की भी मौत हो गई थी।
संवाद सहयोगी, कोसली : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में साथी जवान द्वारा गोली चलाने से मारे गए जवान उमेद सिंह का पार्थिव शरीर शुक्रवार को गांव जुड्डी पहुंचा। गांव में गमगीन माहौल में उनका सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गोली बारी में उमेद सिंह के अतिरिक्त दो और जवानों की भी मौत हो गई थी।
गांव जुड्डी निवासी 42 वर्षीय उमेद सिंह सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन में हेडकांस्टेबल थे तथा वर्तमान में उधमपुर में तैनात थे। बुधवार की रात को उत्तर प्रदेश निवासी साथी कांस्टेबल अजीत सिंह ने हेडकांस्टेबल उमेद सिंह, पोखरमल व जोगेंद्र को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद अजीत ने स्वंय को भी गोली मार ली थी। अजीत का उधमपुर के ही एक अस्पताल में उपचार चल रहा है। उमेद सिंह की मौत की सूचना के बाद गांव व परिवार में मातम छाया हुआ है। गांव में हुआ अंतिम संस्कार
उमेद सिंह का परिवार पिछले आठ वर्षों से कोसली स्टेशन की नई बस्ती में रहता है। परिवार में माता-पिता, पत्नी, एक बेटा व दो भाई है। उनके एक भाई असम राइफल में कार्यरत है तथा वे भी नई बस्ती में ही रह रहे हैं। एक भाई व माता-पिता गांव जुड्डी में रहते हैं। शुक्रवार को सीआरपीएफ के डीआइजी औंकार सिंह चाड़क, सहायक कमांडेंट सुरेंद्र कुमार व अन्य जवान उनका पार्थिव शरीर लेकर गांव में पहुंचे। विधायक विक्रम सिंह, डीएसपी अनिल कुमार, तहसीलदार विजय कुमार, कोसली थाना एसएचओ पवन कुमार, जगफूल सिंह व मनोज कोसलिया सहित अन्य ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सीआरपीएफ व पुलिस के जवानों ने अंतिम सलामी दी। उनके इकलौते बेटे ने चिता को मुखाग्नि दी।