डंपर से टकराई बस, मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता घायल
दिल्ली में शनिवार को आयोजित रैली में जा रहे मध्य प्रदेश के कांग्रेस कार्यकताओं की बस दिल्ली-जयपुर हाइवे पर गांव सालावास के निकट आगे चल रहे डंपर से टकरा गई।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: दिल्ली में शनिवार को आयोजित रैली में जा रहे मध्य प्रदेश के कांग्रेस कार्यकताओं की बस दिल्ली-जयपुर हाइवे पर गांव सालावास के निकट आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में बस में सवार करीब बीस कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों में पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हैं। एक घायल की हालत गंभीर होने के कारण रोहतक पीजीआइ के लिए रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
मध्यप्रदेश के जिला उज्जैन के ब्लॉक झाड़ला से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली में आयोजित पार्टी की भारत बचाओ रैली के लिए शुक्रवार की सुबह 9 बजे रवाना हुए थे। रात्रि करीब दो बजे दिल्ली-जयपुर हाइवे पर गांव सालावास के निकट पहुंचे तो आगे चल रहे डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से बस पीछे से उसमें टकरा गई। हादसा होते ही बस में कोहराम मच गया। हादसे में उज्जैन में कांग्रेस के जिला महामंत्री हेमंत जोशी, जिला महामंत्री सूबेसिंह, जिला संगठन सचिव भालाराम, जिला ग्रामीण कांग्रेस सचिव नारायण सिंह, आइटी सेल के महीतपुर विधानसभा प्रभारी सतीश शर्मा, रूदाहेड़ा ब्लॉक प्रधान विक्रम सिंह, असंगठित कामगर कांग्रेस के झालड़ा ब्लॉक प्रधान अतुल सिंह, जयभगवान सिंह, अर्जुन सिंह, शिवराम, बद्रीलाल, विक्रम सिंह, ईश्वर चौधरी, रघुनाथ, रूप सिंह व जगदीश सहित अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
जिला महामंत्री रेफर: हादसे की सूचना के बाद कसौला थाना व गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों के लिए वाहनों का प्रबंधक कर यहां के ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए पहुंचाया। जिला महामंत्री सूबे सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रोहतक पीजीआइ के लिए रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जिला महामंत्री हेमंत जोशी को भी अधिक चोटें आई हैं। कसौला थाना पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कराने के बाद डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।