रेवाड़ी में 1.2 लाख मतदाताओं को थमाए नोटिस, BLO घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन; 3 अक्टूबर को आएगी अंतिम सूची
रेवाड़ी जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 23100 मतदाताओं का डेटा 2002 की सूची से मेल नहीं खा ...और पढ़ें

मतदाता सूची के डिजिटल रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यानी एसआइआर के तहत 23100 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है। इन मतदाताओं का वर्तमान डेटा वर्ष 2002 की मतदाता सूची के डिजिटल रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहा। इसके अलावा 89247 मतदाताओं की सूची में विसंगतियां पाई गई हैं।
प्रशासन ने इन सभी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। तीनों विधानसभा में ऐसे 122347 मतदाता शामिल हैं।
बता दें कि चुनाव आयोग 2002 के डेटा को बेस मानकर वर्तमान वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण कर रहा है। जिनके पिता का नाम, मकान नंबर 2002 की सूची में मैच नहीं हो रहे, उन्हें एसआइआर का नोटिस थमाया गया है। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपका वोट कट गया है बल्कि यह केवल एक सत्यापन की प्रक्रिया है।
नए वोट बनवाने के लिए ऐसे करें आवेदन
निर्वाचन आयोग की तरफ से स्पष्ट किया गया कि नए वोट बनवाने के लिए मतदाता की उम्र एक जुलाई 2026 को 18 साल या उससे अधिक तो उस फार्म नंबर छह भरकर को भरकर देना होगा।
किसी मतदाता की मृत्यु हो गई या फिर हमेशा के लिए शिफ्ट हो गया है तो उसका वोट कटवाने के लिए फार्म नंबर सात भरना होगा। बीएलओ घर-घर जाकर लोगों को वोट ठीक करवाने के लिए मदद कर रहे हैं।
आमजन को राहत, घर बैठे या बूथ पर होगा समाधान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने पर किसी भी नागरिक को घबराने की जरूरत नहीं है। नोटिस की तामील से लेकर आपके पहचान दस्तावेज (आधार, परिवार पहचान पत्र, पुराना वोटर कार्ड आदि) कलेक्ट करने का काम बीएलओ का है। एसआईआरओ दफ्तर केवल उन्हीं गिने-चुने मामलों में जाना होगा जहां बहुत बड़ी तकनीकी विसंगति होगी। 29 और 30 अगस्त को सुबह नौ से शाम पांच बजे तक सभी बूथों पर बीएलओ बैठेंगे। अपने दस्तावेज सीधे जमा करा सकते हैं।
28 सितंबर तक होगा दावे आपत्तियाें का निपटरा...
डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 29 व 30 अगस्त विशेष अभियान दिवस निर्धारित किया गया है। इन विशेष अभियान दिवसों पर भी सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने के लिए फार्म और मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
