विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: पहले दिन ही नहीं पहुंचे कक्षा 3 के पेपर, रेवाड़ी में बिगड़ी व्यवस्था से कटघरे में अफसर

By Govind SinghEdited By: Kapil Kumar
Published: Fri, 25 Sep 2026 01:02 PM (IST)

सरकारी स्कूलों में अर्धवार्षिक परीक्षाओं के पहले दिन रेवाड़ी में तीसरी कक्षा के पेपर नहीं पहुंचने से शिक्षक परेशान रहे। ...और पढ़ें

तीसरी कक्षा के पेपर ही नहीं भेजे गए। जागरण

तीसरी कक्षा के पेपर ही नहीं भेजे गए। जागरण

HighLights

  1. रेवाड़ी में तीसरी कक्षा के अर्धवार्षिक परीक्षा पेपर नहीं पहुंचे।

  2. शिक्षकों को केवल चौथी और पांचवीं कक्षा के पेपर ही दिए गए।

  3. अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी को समस्या का कारण बताया गया।

गोबिंद सिंह, रेवाड़ी। सरकारी स्कूलों में शुक्रवार से आरंभ हुई अर्धवार्षिक परीक्षाएं पहले दिन ही प्राथमिक शिक्षकों के लिए परेशानी का सबब बन गई।

विभाग की तरफ से तीसरी से 12वीं कक्षा की डेटशीट जारी करने के बावजूद तीसरी कक्षा के पेपर ही नहीं भेजे गए। सुबह क्लस्टर स्कूल में पेपर लेने के लिए पहुंचे शिक्षक तीसरी कक्षा के पेपर नहीं मिलने पर एक-दूसरे का मूंह ताकते रहे। उन्हें केवल चौथी व पांचवीं कक्षा के पेपर ही दिए गए।

वहीं, शिक्षकों की तरफ से इसको लेकर स्थानीय अधिकारियों को जानकारी दी गई तो अधिकारी भी कुछ भी जवाब देने से बचते रहे। अधिकारियाें ने कहा जो भी पेपर आए थे, भेज दिए गए हैं।

शिक्षकों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों के आपसी समन्वय की कमी के कारण शिक्षकों के सामने यह परेशानी खड़ी हुई है।

WhatsApp Image 2026-09-25 at 11.44.09 (1)

हरियाणा बोर्ड की तरफ से डेटशीट जारी की जाती है, जबकि एससीईआरटी की तरफ से अर्धवार्षिक परीक्षा के पेपर तैयार कर भेजे जाते हैं। अगर दोनों जगह समन्वय होता तो यह परेशानी आती ही नहीं। इस परिस्थिति ने कहीं न कहीं व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

शुक्रवार को इन कक्षाओं की थी परीक्षा

शुक्रवार को पहले दिन तीसरी कक्षा की अंग्रेजी, चौथी में ईवीएस, पांचवीं में अंग्रेजी, छठी में सामाजिक विज्ञान, सातवीं में हिंदी, आठवीं में विज्ञान, नौवीं में सामाजिक विज्ञान, 10वीं में विज्ञान, 11वीं में फाइन आर्ट्स, संगीत व मनोविज्ञान और 12वीं कक्षा में कंप्यूटर साइंस व भूगाेल विषय की परीक्षा होनी थी। लेकिन तीसरी कक्षा के पेपर नहीं पहुंचने के संबंध में शिक्षकों के पास न तो कोई सूचना भेजी गई और न ही पेपर भेजे गए।इसके चलते शिक्षक परेशान रहे।

तीसरी कक्षा के पेपर नहीं पहुंचने के बारे में स्थानीय अधिकारियों से बातचीत की गई थी, लेकिन अधिकारियों की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। पेपर प्रिंट कराकर भेजने का कार्य विभाग का है। हर साल अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान यही हालात रहते हैं। - धर्मेंद्र भाकली, राज्य उपप्रधान हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन

किसी भी प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा के पेपर नहीं भेजे गए हैं। अधिकारियों की तरफ से भी कोई सूचना नहीं दी गई है कि पेपर आएंगे या नहीं। पेपर नहीं मिलने के चलते चौथी व पांचवीं कक्षा के बच्चों की परीक्षा ली जा रही है। - धर्मेंद्र यादव,जिला प्रधान राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ

पहले तीसरी कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा होती नहीं थी।इस बार विभाग की तरफ से तीसरी कक्षा की भी डेटशीट जारी की गई है। इसके चलते वेंडर को कन्फूजन था। हमारी वेंडर से बात हो गई है।उनकी तरफ से आज पेपर भिजवाए जा रहे हैं। - प्रदीप दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी