विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों की ठगी, बोनस और ब्याज के लालच में गंवाए 28.54 लाख रुपये

Published: Sun, 04 Oct 2026 04:04 PM (IST)

रेवाड़ी में एक व्यापारी से ऑनलाइन ट्रेडिंग में बड़े मुनाफे का लालच देकर 28.54 लाख रुपये की ठगी की गई ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. रेवाड़ी व्यापारी से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी।

  2. कुल 28.54 लाख रुपये का हुआ साइबर फ्रॉड।

  3. पुलिस ने हिमाचल से एक और आरोपी को दबोचा।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। साइबर थाना पुलिस ने शहर के एक व्यापारी से आनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 28.54 लाख रुपये की ठगी करने के मामले एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी की पहचान हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के गांव आदर्श नगर टिका निहंग के रितिक कुमार उर्फ छोटू के रूप में की है। पुलिस इस मामले में चार आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

बोनस के नाम पर धोखा

रेवाड़ी के मोहल्ला नई आबादी के व्यापारी योगेश गोयल ने बताया था कि अगस्त माह में उसने इंटरनेट पर आनलाइन ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का विज्ञापन देखने के बाद उस पर दिए गए नंबरों पर संपर्क किया था। बातचीत के बाद उसे बताया गया कि उनकी साइट पर पैसा इंवेस्ट करने पर जबरदस्त ब्याज व बोनस मिलेगा।

उसे इस बात के लिए भी आश्वस्त किया गया कि उनकी साइट पर कोई फ्राड नहीं होगा। इसके बाद उसका एक वैलेट बनवाया गया, जिसमें उसने 17 अगस्त को 10 लाख रुपये इंवेस्ट कर दिए। यह रकम जमा कराने के बाद उसे बताया गया कि उसका 4 लाख रुपये का मुनाफा वैलेट में आ गया है। अब उसके खाते में राशि 14 लाख हो गई है।

समझ आने तक हो चुका ठगी का शिकार

धोखा का सिलसिला यहां के बाद तब शुरू हुआ जब राशि निकालने के लिए उसे 10 लाख रुपये और जमा कराने को कहा गया। उसने यह राशि भी जमा करा दी। उसे बताया गया कि अब उसका बोनस और मुनाफा बढ़कर 30 लाख रुपये हो गया है।

इसे निकालने के लिए जीएसटी सहित 8,54,430 रुपये और जमा कराने होंगे। उसने यह राशि भी जमा करा दी। जब उसने अपने वैलेट से यह राशि निकालने का प्रयास किया, तो उसे और पैसे जमा कराने के लिए कहा। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार

उससे बार-बार खातों में पैसे ट्रांसफर कराते हुए कुल 28 लाख 54 हजार 430 रुपये की साइबर ठगी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चार आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। एक आरोपित लियाकत के खाते में ठगी के 10 लाख व आरोपित जाफर खान के खाते में ठगी के 8 लाख 54 हजार 430 रुपये ट्रांसफर हुए थे।

पुलिस ने एक और आरोपित रितिक कुमार उर्फ छोटू को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित रितिक कुमार उर्फ छोटू ने आरोपित जाफर खान का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराने के लिए मध्यस्थ की भूमिका अदा की थी।