रेवाड़ी में त्योहारों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच, सैंपल लिए गए
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए रेवाड़ी में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग ने ...और पढ़ें

रेवाड़ी में त्योहारों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच ( एआई इमेज )
HighLights
रेवाड़ी में त्योहारों पर खाद्य मिलावट रोकने को जांच।
मुख्यमंत्री उड़न दस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग ने की कार्रवाई।
कुट्टू आटा, खोवा, पनीर सहित कई खाद्य सैंपल लिए गए।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों और मिठाइयों में मिलावट करने के मामले ज्यादा आ रहे हैं। इनपर रोकथाम के लिए प्रशासन की ओर से कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार को मुख्यमंत्री उड़न दस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के नई अनाजमंडी के दो दुकानों पर पहुंच कुट्टू का आटा, शामक और साबूदाना की जांच की गई। इनमें मिलावट की संभावना को देखते हुए दोनों दुकानों से उक्त सामान के सैंपल लिए गए।
खाद्य पदार्थों के लिए गए सैंपल
इनकी गुणवत्ता जांच के लिए करनाल स्थित लैब में भिजवाए गए। इससे पहले मंगलवार को देर शाम तक रेवाड़ी, कुंड, डहीना, सीहा में दूध से बने उत्पादों, जूस और चाय पत्ती के सैंपल लिए गए।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को जहां मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम के साथ मिलकर जांच की थी।
वहीं मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुंड में खोवा, कलाकंद, रेवाड़ी के कुतुबपुर में खोवा, डहीना में चार दुकानों में बर्फी, खोवा, पनीर, जूस, चाय पत्ती, सीहा से रसगुल्ला के सैंपल लिए गए।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का ध्यान रखें
संदीप कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन में लोगों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है।
दुग्ध के बने उत्पादों पर उनके रंग, कब बनाई गई थी, स्वाद, एक्सपायरी तारीख आदि की पूरी जांच करने के बाद ही खरीदने की अपील की जा रही है।
सैंपल रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
विक्रेताओं से भी आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं करने और गुणवत्ता का ध्यान रखने की चेतावनी दे रहे हैं।
लैब से सैंपल रिपोर्ट आने के बाद नियम अनुसार विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले शनिवार को भी मेवात से रेवाड़ी में सप्लाई के लिए लाई गई 542 किलोग्राम पनीर लेकर आए वाहन और चालक सहित जब्त किया गया था। इसमें पनीर की गुणवत्ता सही नहीं होने पर नष्ट कर दिया गया था।
