दीवाली पर रेवाड़ी के बाजारों में चौपहिया वाहनों की नो एंट्री, पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
दीवाली के त्योहार को देखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने शहर के बाजारों में चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा ...और पढ़ें

दीवाली पर रेवाड़ी के बाजारों में चौपहिया वाहनों की नो एंट्री ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
दीवाली तक बाजारों में चौपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित।
भीड़ और जाम से निपटने को लगाए गए बैरिकेड्स।
यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी तैनात।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। दीवाली के त्योहार को देखते हुए शहर के बाजार में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।
त्योहार तक बाजार में चौपहिया वाहनों की नो एंट्री रहेगी। इसके लिए प्रमुख बाजारों की तरफ जाने वाले रास्तों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं, ताकि बाजार में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके और लोगों को खरीदारी के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस ने इन मार्गों पर लगाए बैरिकेड्स
पुलिस ने भाड़ावास गेट, रेलवे चौक, झज्जर चौक, कानोड़ गेट सहित प्रमुख स्थानों पर बैरिकेड्स लगाकर व्यवस्था की है। इन रास्तों से बाजार की तरफ आने वाले चौपहिया वाहनों को रोकने की तैयारी की गई है।
दीवाली तक बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस के लिए चुनौती रहेगा।
भीड़ बढ़ने से जाम की आशंका
दीवाली से पहले अगले 15 दिनों तक शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है। कपड़े, मिठाई, सजावटी सामान, इलेक्ट्रानिक उत्पाद और अन्य जरूरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचेंगे।
ऐसे में बाजारों की संकरी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने से जाम की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए पुलिस ने पहले से ही यातायात प्रबंधन की तैयारी की है।
अतिरिक्त पुलिसकर्मी भी रहेंगे तैनात
दीवाली तक बाजारों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी। पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों और बाजारों की तरफ जाने वाले रास्तों पर यातायात व्यवस्था संभालेंगे। बैरिकेड्स के माध्यम से चौपहिया वाहनों की एंट्री रोकने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जाएगा।
