रेवाड़ी में गोतस्करों का दुस्साहस, पुलिस पर फायरिंग कर पंचर गाड़ी से भागे; गोवंशियों को फेंका
रेवाड़ी में गोतस्करों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए पंचर गाड़ी से भागने का प्रयास किया और तीन गोवंशियों को ...और पढ़ें

पंचर गाड़ी भगाते गोतस्कर और जांच करती पुलिस। वीडियो ग्रैब
HighLights
गोतस्करों ने रेवाड़ी में पुलिस और गोरक्षक दल पर फायरिंग की।
पंचर गाड़ी से तीन किलोमीटर तक भागते रहे गोतस्कर।
पकड़े जाने के डर से चलती गाड़ी से गोवंशियों को फेंका।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी के गढ़ी बोलनी रोड पर बुधवार रात को गोस्करों से तीन गोवंशियों को छुड़ाने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान तस्कर गाड़ी पंचर होने के बाद भी गांव कोनसीवास से पदैयावास तक पंचर गाड़ी को ही चलाते रहे।
गोतस्कर गोवंशियों को सुबह करीब तीन बजे गांव पदैयावास के निकट छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान पुलिस और गोरक्षक दल की टीम पर दो बार फायरिंग भी की करने की बात सामने आई है। कसौला थाना पुलिस आरोपितों की पहचान व गिरफ्तारी करने में जुटी गई है।
डवाना लालपुर के ग्रामीणों ने रात 12:30 बजे पुलिस को गायों को उठाकर ले जाने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और गोरक्षक दल के सदस्य मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद आसपास के गांवों में तस्करों की तलाश शुरू की गई।
कोनसीवास के पास पुलिस ने देखी तस्करों की गाड़ी
पुलिस और गोरक्षक दल के सदस्यों को गांव कोनसीवास के पास तस्करों की गाड़ी दिखाई दी। गाड़ी को रोकने के लिए रास्ते में कांटे डाले गए, जिससे गाड़ी के टायर पंचर हो गए।
इसके बावजूद तस्करों ने गाड़ी नहीं रोकी और पंचर गाड़ी को ही चलाते हुए भागने लगे। तस्कर कोनसीवास से पदैयावास तक करीब तीन किलोमीटर गाड़ी को इसी हालत में चलाते रहे।
गांव पदैयावास के पास पुलिस और गोरक्षक दल की टीम तस्करों के करीब पहुंच गई। इस दौरान तस्करों ने बचाव के लिए पुलिस और गोरक्षक दल की टीम पर दो बार फायरिंग करने का दावा किया गया। इसके बावजूद टीम ने पीछा जारी रखा।
पकड़े जाने के डर से गोवंशियों को गाड़ी से फेंका
पकड़े जाने के डर से तस्करों ने चलती गाड़ी से तीन गोवंशियों को नीचे फेंक दिया। टीम ने तीनों गोवंशियों को अपने कब्जे में लेकर मुक्त कराया।
वहीं गोवंशियों को फेंकने के बाद तस्कर मौका पाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करों की गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। पुलिस आरोपितों की पहचान और तलाश में जुटी है। कसौला थाना पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
