विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में कार-बाइक की भीषण टक्कर, कंपनी कर्मचारी की मौत; डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग

Published: Mon, 16 Feb 2026 01:12 PM (GMT+05:30)

रेवाड़ी के कमालपुर गांव के पास बावल रोड पर एक कार और बाइक की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे ...और पढ़ें

कार और बाइक की टक्कर में 25 वर्षीय हरीश कुमार की मौत। फोटो: फाइल

कार और बाइक की टक्कर में 25 वर्षीय हरीश कुमार की मौत। फोटो: फाइल

HighLights

  1. कार-बाइक की टक्कर में कर्मचारी की मौत

  2. हादसे के बाद कार में लगी भीषण आग

  3. मृतक हरीश की दो माह पूर्व हुई थी शादी

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। बावल रोड पर कमालपुर गांव के समीप एक कार ने बाइक सवार कंपनी कर्मचारी को टक्कर मार दी। इस हादसे में कंपनी कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद डिवाइडर से टकराई कार में आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

पुलिस के अनुसार गांव निमोठ के रहने वाले करीब 25 वर्षीय हरीश कुमार आईएमटी बावल की एक कंपनी में नौकरी करता था। रात को लगभग 12 बजे वह कंपनी से ड्यूटी करने के बाद बाइक पर घर लौट रहा था।

जब वह कमालपुर के समीप करीब पहुंचा, तो एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हरीश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे गंभीरावस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसा इतना भयानक था कि बाइक को टक्कर मारने के बाद कार असंतुलित होकर डिवाडर से टकरा गई। इससे कार में आग लग गई। चालक राजस्थान के सीकर जिले के खरपाराम की ढाणी के रहने मदन ने कार से कूदकर जान बचाई।

इसी दौरान पुलिस की ईआरवी और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड ने कार में लगी आग पर काबू पाया। चालक मदन को पुलिस अपने साथ थाने ले गई।

बाद में पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। हादसे में मारे गए युवक हरीश की 23 नवम्बर 2025 को शादी हुई थी।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में अवैध प्रवासियों पर पुलिस का शिकंजा, रोहिंग्या-बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान के लिए चला विशेष अभियान