यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छह घंटे के लिए बंद रहेंगी यात्री आरक्षण सेवाएं
21 नवंबर तक प्रतिदिन रात्रि 1130 बजे से तड़के 530 बजे तक छह घंटे के लिए रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) सेवाएं बंद रहेंगी।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: सिस्टम में डेटा के उन्नयन (अपग्रेड) और नई ट्रेन नंबरों आदि के अद्यतन (अपडेट) कार्य के लिए 21 नवंबर तक प्रतिदिन रात्रि 11:30 बजे से तड़के 5:30 बजे तक छह घंटे के लिए रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) सेवाएं बंद रहेंगी। यात्री सेवाओं को सामान्य करने और कोरोना से प्रभावित होने से पूर्व के स्तरों पर चरणबद्ध तरीके से लाने के लिए रेलवे प्रशासन रेलवे यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) को कम व्यावसायिक उपयोग के घंटों के दौरान (छह घंटे के लिए) रात्रि में बंद किया जा रहा है।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण के अनुसार यह कार्य सिस्टम में डेटा के अपग्रेड और नई ट्रेन नंबरों आदि का अपडेट करने के लिए किया जा रहा है। सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में बड़ी मात्रा में पुरानी ट्रेन नंबर (कोरोना से पूर्व वाले) और वर्तमान यात्री बुकिग डेटा को अपडेट किया जाना है इसलिए यह कार्य एक श्रृंखलाबद्ध रूप में रात्रिकालीन समय में किया जाएगा, जिससे टिकटिग सेवाओं पर कम से कम प्रभाव पड़े और यात्रियों को असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि यह अपडेटेड करने का कार्य 14-15 नवंबर की मध्यरात्रि से 20-21 नवंबर तक प्रतिदिन रात्रि साढ़े 11 बजे से तड़के साढ़े पांच बजे तक किया जाएगा। इन छह घंटों की अवधि के दौरान कोई भी पीआरएस सेवाएं (टिकट आरक्षण, वर्तमान बुकिग, रद्दीकरण, पूछताछ सेवाएं आदि) उपलब्ध नहीं होंगी। इस अवधि के दौरान रेलवे प्रशासन द्वारा प्रभावित समय के दौरान संचालित होने वाली ट्रेनों के लिए अग्रिम चार्टिंग की जाएगी। पीआरएस सेवाओं को छोड़ कर 139 सेवाओं सहित अन्य सभी पूछताछ सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहेंगी।
