दर्जनों महिलाओं से लाखों रुपये ठगने का आरोपित गिरफ्तार
कंपनी में निवेश करने पर ज्यादा ब्याज का झांसा देकर दर्जनों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के एक आरोपित को माडल टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह गांव गंगायचा अहीर निवासी मनोज कुमार है। आरोपित पर 70 से अधिक महिलाओं के साथ ठगी का आरोप है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी: कंपनी में निवेश करने पर ज्यादा ब्याज का झांसा देकर दर्जनों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के एक आरोपित को माडल टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित गांव गंगायचा अहीर निवासी मनोज कुमार है। उस पर 70 से अधिक महिलाओं के साथ ठगी का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि गांव ड्योढई निवासी हेमलता ने अपनी शिकायत में कहा था कि गांव इकटोरिया में उसका मायका है। उनका संपर्क गांव गंगायचा अहीर निवासी मनोज से हुआ था। मनोज ने बताया था कि उसके मामा इकटोरिया में है। रिश्तेदारी निकाल कर मनोज ने हेमलता व पूनम को क्रेडिबल कंपनी के बारे में जानकारी दी और निवेश करने को कहा था।
मनोज बताया था कि हर माह किश्त के रूप में 300 से 500 रुपये जमा कराने होंगे तथा ज्यादा ब्याज भी मिलेगा। दोनों मनोज की बातों में आ गई तथा कंपनी में खाता खुलवाकर पैसे जमा कराने शुरू कर दिए थे। मनोज ने अन्य जान पहचान व रिश्तेदारों के खाते भी कंपनी में खुलवाने वाले पर अधिक मुनाफा का झांसा दिया था। मनोज ने ड्योढई व आस-पास के गांवों की दर्जनों महिलाओं के खाते खोल दिए तथा हर महीने उनके घर से नकद पैसे लेकर जाता रहा। मनोज ने पांच साल बाद पैसे देने का झांसा दिया था।
महिलाओं को ले गया था फरीदाबाद
शिकायत में कहा गया है कि दो साल बाद उन्हें पता लगा कि यह कंपनी फर्जी है तो उन्होंने मनोज को पैसे देने बंद कर दिए। इसके बाद मनोज ने फरीदाबाद स्थित एक कार्यालय में ले जाकर उन्हें कुछ लोगों से मिलवाया तथा विश्वास दिलाया कि कंपनी फर्जी नहीं है। विश्वास कर उन्होंने फिर से पैसे जमा कराने शुरू कर दिए थे। पांच साल पूरे होने के बाद उन्होंने पैसे वापस मांगे तो मनोज ने बताया कि कंपनी भाग गई है।
उन्होंने इस मामले में पंचायत भी की थी। पंचायत में मनोज ने पैसे देने का आश्वासन दिया था। परंतु इसके बाद भी पैसे वापस नहीं किए। फरवरी माह में महिलाओं की शिकायत पर माडल टाउन थाना पुलिस ने मनोज के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपित को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया।