Move to Jagran APP

बिहार की राजनीति में ठेठ हरियाणवी तड़का

बिहार विधानसभा चुनाव में ठेठ हरियाणवी तड़का भी लग रहा है।

By JagranEdited By: Published: Wed, 28 Oct 2020 08:14 PM (IST)Updated: Wed, 28 Oct 2020 08:14 PM (IST)
बिहार की राजनीति में ठेठ हरियाणवी तड़का
बिहार की राजनीति में ठेठ हरियाणवी तड़का

महेश कुमार वैद्य, रेवाड़ी : बिहार विधानसभा चुनाव में ठेठ हरियाणवी तड़का भी लग रहा है। लालू प्रसाद यादव व शरद यादव के रेवाड़ी और गुरुग्राम निवासी रिश्तेदार इन दिनों बिहार में पूरी ताकत लगा रहे हैं। कहीं पर साले (तेजस्वी यादव) के लिए जीजा (चिरंजीव राव) अपने पिता कैप्टन अजय सिंह यादव व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ प्रचार में जुटे हैं तो कहीं रेवाड़ी के गांव सहारनवास की सरपंच आयुषी यादव अपनी भाभी सुभाषिनी यादव (शरद यादव की बेटी) की जीत सुनिश्चित करने के लिए बिहारीगंज की गलियों की खाक छान रही हैं। खास बात यह है कि आयुषी के पति जजपा नेता अभिमन्यु राव बिहार में अपनी सलहज सुभाषिनी की जीत के लिए कांग्रेस का प्रचार कर रहे हैं। रिश्तों के आगे दलगत दीवार ढह गई है।

loksabha election banner

आयुषी शरद यादव के समधी गुरुग्राम निवासी राव कमलबीर की बेटी है तथा बिहारीगंज से कांग्रेस की उम्मीदवार अपनी भाभी के साथ चुनाव प्रचार में छाया की तरह जुटी हुई हैं। कमलबीर भाजपा नेता राव नरबीर सिंह के छोटे भाई हैं। उनके बेटे राजकमल शरद यादव के दामाद हैं। दूसरी ओर आयुषी के पति व राव कमलबीर के दामाद अभिमन्यु राव, कैप्टन अजय सिंह यादव के सगे भतीजे हैं। इन बड़े राजनीतिक परिवारों की आपस की रिश्तेदारियां काफी नजदीकी में गुंथी हुई हैं। कैप्टन यादव व उनके बेटे चिरंजीव राव के लिए राजद का चुनाव प्रचार करना सहज है, क्योंकि बिहार में राजद-कांग्रेस के बीच गठबंधन है। कैप्टन यादव के परिवार से खुद कैप्टन के अलावा उनके बेटे चिरंजीव राव, चिरंजीव की पत्नी व लालू की बेटी अनुष्का कई दिनों से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। कैप्टन व चिरंजीव को सुनने के लिए काफी संख्या में लोग आ रहे हैं। अभिमन्यु राव के अनुसार ताऊ कैप्टन यादव व भाई चिरंजीव उनकी सलहज सुभाषिनी के चुनाव प्रचार के लिए भी जल्द ही बिहारीगंज पहुंचेंगे। कैप्टन यादव को उम्मीद है कि इस बार समधी लालू व समधन राबड़ी की तरह उनका समधेटा तेजस्वी भी सत्ता संभालेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.