पत्नी की ईंट-पत्थर से कूंचकर हत्या करने के बाद फरार हो गया पति, बच्ची के रोने का शोर सुनकर पहुंचे लोग
धारूहेड़ा में एक श्रमिक ने अपनी पत्नी की ईंट-पत्थर से हत्या कर दी और फरार हो गया। दंपत्ति एक प्राइवेट स्कूल के खेल मैदान की देखभाल करते थे। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति की तलाश जारी है और महिला के परिवार को सूचित कर दिया गया है।

जागरण संवाददाता, धारूहेड़ा। कापडीवास से भिवाड़ी जाने वाले पेराफेरी रोड पर एक प्राइवेट स्कूल में कार्यरत श्रमिक ने मंगलवार रात को ईंट-पत्थर मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। सुबह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद डीएसपी डा. रविंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सेक्टर छह थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के सिर व मुंह पर चोट के निशान पाए है।
किसी बात पर हो गया विवाद
जानकारी के अनुसार राजस्थान के खैरतथ-तिजारा जिला के गांव सलारपुर के रहने वाला सुनील अपनी पत्नी वर्षीना उर्फ सपना व आठ माह की बच्ची के साथ पेराफेरी रोड पर एक स्कूल के खेल मैदान की देखभाल का कार्य करता था। मैदान में ही बने एक कमरे में वह परिवार सहित रहता था। मंगलवार रात को दोनों पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद सुनील ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
चारपाई पर पड़ी थी लाश
बुधवार सुबह करीब 10 बजे बच्ची की रोने की आवाज आई तो स्कूल का कर्मचारी मैदान में गया। वहां जाकर देखा 26 वर्षीय महिला चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।
इसके बाद स्कूल प्रबंधन व पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद डीएसपी, सेक्टर छह थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया है।
आरोपित मौके से फरार है। सुनील के स्वजन को सूचना दे दी गई है। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस दे रही दबिश
"हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला व आरोपित के स्वजन आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपित की तलाश की जा रही है।"
-संजय सिंह, प्रभारी, सेक्टर छह
यह भी पढ़ें- महिलाओं का यौन उत्पीड़न कर लूटपाट के दो आरोपित गिरफ्तार, रेवाड़ी क्राइम ब्रांच ने बारीकी से बिछाया जाल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।