बहन को बचाने के लिए गाय से भिड़ गया भाई, मौके पर पहुंचे लोगों ने बचाई बच्चों की जान
मोहल्ला गुर्जरवाडा निवासी 14 वर्षीय लखन अपनी छह वर्षीय बहन नंदनी के साथ दुकान से वापस लौट रहे थे। रास्ते में एक गाय ने दोनों पर हमला कर दिया।
रेवाड़ी, जागरण संवाददाता। कागजों में कैटल फ्री हो चुके रेवाड़ी शहर में खुले घूम रहे पशुओं का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। बृहस्पतिवार की शाम को बड़ा तलाब के निकट एक गाय ने भाई-बहन पर हमला कर दिया। अपनी बहन को गाय से बचाने के लिए भाई गाय से भिड़ गया। हमले में बच्ची को चोटें लग गई। मौके पर लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को गाय से बचाया।
खुली घूम रही गाय के हमले से लोगों में दहशत है। यदि लोग मौके पर एकत्रित नहीं होते से गाय के हमले में बच्ची की जान भी जा सकती थी। गाय के हमले की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
गाय ने टक्कर मार कर फेंका दूर
मोहल्ला गुर्जरवाडा निवासी 14 वर्षीय लखन अपनी छह वर्षीय बहन नंदनी के साथ दुकान से वापस लौट रहे थे। रास्ते में एक गाय ने दोनों पर हमला कर दिया। दोनों ने गाय से बचने का प्रयास किया, परंतु बेकाबू गाय ने नंदनी को अपने निशाने पर ले लिया तथा टक्कर मार कर दूर फेंक दिया। बहन को बचाने के लिए लखन गाय से भिड़ गया, परंतु उसे भी उठा कर दूर फेंक दिया। लखन ने एक बार फिर गाय को भगाने का प्रयास किया, परंतु फिर से गाय ने उसे उठा कर दूर फेंक दिया।
बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुन कर लोग मौके पर एकत्रित हो गए तथा कड़ी मशक्कत के बाद गाय से बचाया। इस दौरान काफी गायें भी एकत्रित हो गई, जिन्हें लोगों ने दूर खदेड़ा। हमला करने वाली गाय वहीं के एक व्यक्ति की बताई जा रही है, जो खुली छोड़ी हुई थी। परिजनों ने बच्ची का उपचार कराया। फिलहाल बच्ची की तबीयत ठीक बताई जा रही है। बच्चे की हिम्मत की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं। बता दें कि शहर में आवारा पशु घूम रहे हैं लेकिन लोगों की सुरक्षा को देखते हुए कोई ठोक उपाय नहीं किया जा रहा है।