विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिवाड़ी में ACB का एक्शन, कोटपूतली थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा

Published: Thu, 20 Aug 2026 06:31 PM (IST)

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कोटपूतली थाने के उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह को ₹3,500 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते पकड़ा। फोटो: आर्काइव

सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते पकड़ा। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह ₹3,500 रिश्वत लेते गिरफ्तार

  2. एसीबी अलवर ने कोटपूतली थाने में की कार्रवाई

  3. दर्ज मुकदमे में कार्रवाई के लिए मांगी थी रिश्वत

जागरण संवाददाता, भिवाड़ी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बृहस्पतिवार को कार्रवाई करते हुए कोटपूतली थाने में तैनात उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह को 3,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

आरोपित पुलिसकर्मी दर्ज मुकदमे में आगे की कार्रवाई करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रहा था। एसीबी ने रिश्वत की राशि बरामद कर ली है और आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

एसीबी अलवर के डीएसपी शब्बीर खान ने बताया कि शिकायतकर्ता ने बैंक के विरुद्ध न्यायालय के माध्यम से कोटपूतली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह कर रहे थे।

पांच हजार रुपये की मांग की थी

आरोप है कि मुकदमे में आगे की कार्रवाई करने के बदले उप निरीक्षक ने शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता को परेशान भी किया जा रहा था।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी चौकी अलवर प्रथम ने 19 अगस्त को रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान पांच हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले ही 1,500 रुपये रिश्वत ले चुका था। शेष 3,500 रुपये बाद में देना तय हुआ था।

3500 रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा

रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद उप महानिरीक्षक पुलिस डाॅ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

टीम ने उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी शब्बीर खान ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- फैक्ट्रियों के दूषित पानी से तालाब बना भिवाड़ी बाईपास, जलभराव में धंसी रोडवेज बस; यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें