मोटरसाइकिल पर जा रहे सरपंच को गोली मारी
जिला के गांव संगवाड़ी के सरपंच पर सोमवार की देर रात मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने जानलेवा हमल कर दिया। दोनों युवकों ने सरपंच पर पिस्तौल से गोली चला दी। हाथ में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी : गांव संगवाड़ी के सरपंच पर सोमवार की देर रात मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों युवकों ने सरपंच पर पिस्तौल से गोली चला दी। हाथ में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव संगवाड़ी निवासी सरपंच विनोद कुमार सोमवार की रात को मोटरसाइकिल पर गांव सांपली से अपने गांव लौट रहे थे। गांव भूड़ला व सांपली के बीच नहर के निकट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। किसी बात को लेकर सरपंच की युवकों के साथ बहस हो गई। बहस के दौरान ही युवकों ने पिस्तौल निकाल कर सरपंच पर गोली चला दी। हाथ में गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास में मौजूद लोग भी वहां पहुंच गए तथा दोनों युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद गढ़ी बोलनी चौकी इंचार्ज एएसआइ भागीरथ भी मौके पर पहुंच गए।
घायल सरपंच को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें रोहतक पीजीआइ के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। कसौला थाना पुलिस ने सरपंच की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज किया है। सरपंच ने दो लोगों पर गोली चलाने का संदेह भी जताया है। गढ़ी बोलनी चौकी पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
--------
पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल सरपंच ने कुछ लोगों पर संदेह जताया है। उनके बारे में भी जांच की जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
-एएसआइ भागीरथ, चौकी इंचार्ज गढ़ी बोलनी।