घूमने आई विदेशी महिला की मौत
स्पेन से घूमने के लिए आई एक महिला पर्यटक की गांव कापड़ीवास के निकट अचानक तबीयत बिगड़ गई। महिला को गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। देर शाम तक धारूहेड़ा पुलिस की जांच जारी थी। पुलिस ने बताया कि स्पेन के 40 नागरिकों का एक ग्रुप घूमने के लिए भारत आया हुआ था।
संवाद सहयोगी, धारूहेड़ा : स्पेन से भारत भ्रमण पर आई एक महिला पर्यटक की गांव कापड़ीवास के निकट अचानक तबीयत बिगड़ गई। महिला को गुरुग्राम के मेदांता मेडिसिटी में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि स्पेन के 40 नागरिकों का एक ग्रुप घूमने के लिए भारत आया हुआ है। सभी बुधवार को दिल्ली-जयपुर हाईवे से बस में जा रहे थे। गांव कापड़ीवास के निकट पहुंचने पर स्पेन की नागरिक 51 वर्षीय फॉर चुनु की तबीयत बिगड़ गई। बस चालक ने महिला को धारूहेड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया गया। महिला को गुरुग्राम में मेदांता मेडिसिटी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देर शाम तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। धारूहेड़ा थाना एसएचओ जगदीश प्रसाद ने बताया कि महिला पर्यटक की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही लग पाएगा। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।